पापमोचनी एकादशी आज: इन 6 राशियों के शुरू होंगे अच्छे दिन, दीये के पांच उपाय जगायेंगे भाग्य

Spread the love

चैत्र कृष्ण एकादशी को पापमोचनी एकादशी कहा जाता है. इस साल यह व्रत आज 15 मार्च को रखा जा रहा है. कहते हैं कि इस एकादशी पर व्रत-उपासना से पापों से मुक्ति मिलती है. साथ ही, धन और आरोग्य की प्राप्ति भी होती है. पापमोचनी एकादशी का व्रत इस साल कुछ राशियों के लिए बेहद लाभकारी माना जा रहा है. ज्योतिषविदों की मानें तो साल की इस बड़ी एकादशी से कुछ राशियों के दिन पलट सकते हैं.

सनातन धर्म में पापमोचनी एकादशी को सभी पापों से मुक्ति दिलाने वाली और जीवन में सुख-समृद्धि लाने वाली तिथि माना गया है. ज्योतिष शास्त्र और वास्तु के अनुसार, इस दिन दीपदान का विशेष महत्व होता है. मान्यता है कि एकादशी की शाम को घर के विशेष स्थानों पर दीया जलाने से नकारात्मक ऊर्जा का नाश होता है और देवी लक्ष्मी व भगवान विष्णु का वास होता है.

इस साल पापमोचनी एकादशी पर त्रिपुष्कर योग, शिव योग, सिद्धि योग जैसे कुछ अद्भुत संयोग बन रहे हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि इन शुभ संयोगों के बीच दीपक के किन उपायों को करने से मां लक्ष्मी की असीम कृपा प्राप्त होगी.

घर का मुख्य द्वार: घर का मुख्य द्वार वह स्थान है जहां से सकारात्मक ऊर्जा और देवी लक्ष्मी का आगमन होता है. ऐसे में पापमोचनी एकादशी पर शाम के समय घर के मुख्य द्वार के दोनों ओर या कम से कम दाईं ओर घी का एक दीपक जलाएं. मान्यता है कि पापमोचनी एकादशी पर ऐसा करने से घर में नकारात्मक शक्तियों का प्रवेश नहीं होता और परिवार में समृद्धि बनी रहती है.

तुलसी के नजदीक: तुलसी को भगवान विष्णु का सबसे प्रिय माना गया है. एकादशी के दिन तुलसी के पास दीपदान करना बेहद जरूरी माना गया है. ऐसे में पापमोचनी एकादशी के दिन तुलसी की जड़ के पास घी का दीपक रखें और उनकी परिक्रमा करें. ध्यान रखें कि एकादशी के दिन तुलसी को जल नहीं देना चाहिए और न ही उनके पत्ते तोड़ने चाहिए, सिर्फ दीपदान ही करें.

पूजा घर में: घर का मंदिर पूरे घर की ऊर्जा का केंद्र होता है. ऐसे में इस बार पापमोचनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी के सामने अखंड ज्योत या एक बड़ा दीपक जलाएं. अगर संभव हो तो इस दीपक में थोड़ी सी तिल डाल दें, क्योंकि एकादशी पर तिल का उपयोग शुभ माना जाता है. इससे घर का वातावरण शुद्ध होता है और मानसिक शांति मिलती है.

रसोई घर में: वास्तु के अनुसार, रसोई घर में मां अन्नपूर्णा का वास होता है और यह स्थान हमारे स्वास्थ्य और सौभाग्य से जुड़ा है. ऐसे में पापमोचनी एकादशी पर रसोई में जहां पीने का पानी रखा जाता है, वहां एक दीपक जलाएं. मान्यता है कि यहां दीपक जलाने से घर में कभी धन-धान्य की कमी नहीं होती और पितरों का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है.

घर के ईशान कोण में: ईशान कोण को देवताओं का स्थान माना जाता है. अगर आपके घर के इस कोने में मंदिर नहीं है, तो भी यहां एक दीपक जलाना अत्यंत फलदायी होगा. इसलिए पापमोचनी एकादशी के दिन घर के उत्तर-पूर्व कोने को साफ करके वहां एक दीपक रखें. यह स्थान ऊर्जा का प्रवेश द्वार है, यहां दीपक जलाने से वास्तु दोष दूर होते हैं और करियर में उन्नति के रास्ते खुलते हैं.

इन राशियों के पलट सकते हैं दिन

वृष राशि: आपके लिए करियर में सुधार के संकेत हैं. धन प्राप्ति के योग बनते दिख रहे हैं. घर में सुख-समृद्धि का वास होगा. हालांकि संतान से जुड़ी चिंता मन में रह सकती है. खाने की वस्तु का दान करने से आपको लाभ होगा.

कर्क राशि: कर्क राशि के लोगों के लिए धन लाभ के संकेत दिख रहे हैं. खर्चों में कमी आएगी और कमाई बढ़ेगी. छोटी-मोटी यात्रा का योग बनने वाला है. दापंत्य जीवन खुशहाल रहेगा. किसी शुभ सूचना के मिलने से मन प्रसन्न रह सकता है. हरे फलों का दान करें.

सिंह राशि: सिंह राशि के लोग आसानी से धन प्राप्त कर सकेंगे. लंबे समय से चली आ रही समस्याओं में सुधार होगा. स्वास्थ्य में यदि कोई समस्या है तो वो भी दूर होने वाली है. किसी पुराने रोग से हमेशा के लिए मुक्त मिल सकती है. खाने की चीजों का दान करना अच्छा माना गया है.

कन्या राशि: नौकरी-रोजगार से जुड़ी समस्याएं दूर हो सकती हैं. रुका हुआ पैसा वापस मिलने की संभावना है. प्रॉपर्टी से जुड़ा कोई विवाद खत्म महोगा. घर-परिवार में चल रहे विवाद शांत होंगे. इच्छानुसार किसी भी चीज का दान करने से लाभ मिलेगा.

वृश्चिक राशि: आपको किसी बड़ी समस्या से राहत मिल सकती है. कोई बड़ी चिंता दूर होने वाली है. धन लाभ के योग बन रहे हैं. अच्छे लोगों के संपर्क में आने का मौका मिलेगा. साथ ही, नए काम की शुरुआत के अवसर भी मिल सकते हैं. भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप करें.

धनु राशि: धन, नौकरी, व्यापार की स्थिति अच्छी रह सकती है. करियर में नए अवसर और बड़ी जिम्मेदारियां मिल सकती हैं. परिवार में मंगल कार्य होने के संकेत हैं. घर के मुख्य द्वार पर हर शाम दीपक जरूर जलाएं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *