मथुरा के बरसाना क्षेत्र स्थित गांव सहार में राधा बल्लभ मंदिर के पुजारी पर रविवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया. देर रात उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. पुलिस ने गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लिया है.
घटना रविवार की है. बरसाना स्थित राधा बल्लभ मंदिर के पुजारी मोहन दास उर्फ गूंगा बाबा सुबह नौ बजे शृंगार आरती करने बाद मंदिर परिसर स्थित कमरे की ओर जा रहे थे. तभी अज्ञात हमलावरों ने चाकू से उनके गले और पेट पर वार कर दिया.
खून में लतपथ पड़े थे पुजारी: लोगों को घटना की जानकारी तब हुई जब कुछ लोग मंदिर में पूजा के लिए सुबह 10.30 पहुंचे. वहां पुजारी को खून से लथपथ देखने पर ग्रामीणों ने केडी अस्पताल में भर्ती कराया. देर रात उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई.
पुलिस हिरासत में दो लोग: पुलिस ने पूछताछ के लिए गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, उन्हें कोई भी आता-जाता नहीं दिखा. पुजारी मोहन दास उर्फ गूंगा बाबा के गुरु वैष्णव दास ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. एसपी ग्रामीण सुरेशचंद रावत ने हत्याकांड का पर्दाफाश करने के लिए तीन टीमें लगाई हैं.
क्या कहना है पुलिस का… एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि थाना बरसाना के शहर गांव में राधा बल्लभ मंदिर की घटना है. पुजारी मध्य प्रदेश के रहने वाले थे. ये करीब सात या आठ साल से यहां पर रह रहे थे. उनके गले पर वार किया गया. उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस हर तरह से जांच कर रही है. अभियोग गंभीर धाराओं में पंजीकृत किया गया है. जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply