UP के प्रयागराज में एक युवक भाजपा नेता की 50 लाख रुपए की फॉर्च्यूनर लेकर फरार हो गया. वह लंगड़ाने का नाटक करते हुए कार तक पहुंचा. गेट पास 3 सेकेंड के लिए लेटा. फिर कार का गेट खोला, अंदर बैठा और महज 50 सेकंड में गाड़ी लेकर निकल गया.
चोरी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें चोर के सिर पर पगड़ी और हाथ में झोला दिखाई दे रहा है. कार मालिक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने अपने ड्राइवर पर भी शक जताया है, जबकि CCTV में दिख रहे चोर की पहचान नहीं हुई है.
घटना कैंट थाना क्षेत्र में गुरुवार रात 10:30 बजे की है. शनिवार रात 1:46 बजे भाजपा नेता ने शिकायत दर्ज कराई. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है.



होटल के पास खड़ी थी कार: व्यापारी पीयूष जायसवाल भाजपा के ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष हैं. पीयूष जायसवाल ने बताया कि 22 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे अपनी फॉर्च्यूनर राजापुर इलाके में होटल रॉयल स्टे इन के पास खड़ी की थी. 23 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे वह कार लेने पहुंचे तो गाड़ी गायब थी.
आसपास तलाश करने और लोगों से पूछताछ के बाद भी कार का पता नहीं चला. इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। आसपास के CCTV फुटेज चेक किए. इसमें एक युवक गाड़ी ले जाता दिखा.
उसके हाथ में झोला और सिर पर पगड़ी बांधे दिखाई दे रहा है. वह एक पैर से लंगड़ाने का नाटक करते हुए कार के पास पहुंचता है. फिर लॉक खोलकर अंदर बैठता है और कुछ ही सेकंड में गाड़ी लेकर निकल जाता है.
नए ड्राइवर पर शक, दूसरी चाबी बनवाने की आशंका: पीयूष जायसवाल ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने एक नया ड्राइवर माया शंकर रखा था. वह 10-12 दिन तक गाड़ी चलाता रहा।.इसके बाद उसने मुंबई जाने की बात कही और दूसरे ड्राइवर को लेकर आया. उसने बताया कि वह मुंबई जा रहा है.
उन्होंने बताया कि इस दौरान वह एक-दो बार बिना बताए गाड़ी लेकर इधर-उधर भी गया था. एक बार वह गाड़ी की चाबी भी अपने साथ ले गया था. इसी वजह से आशंका है कि उसने दूसरी चाबी बनवा ली थी.
CCTV फुटेज में संदिग्ध सीधे गाड़ी के पास पहुंचता है. वह रिमोट चाबी से लॉक खोलने की तरह गाड़ी खोलता है और लेकर चला जाता है. इसी आधार पर मालिक को शक है कि चोरी में ड्राइवर का हाथ हो सकता है. हालांकि, उसकी भूमिका की अभी पुष्टि नहीं हुई है.
पीयूष जायसवाल की शिकायत पर सिविल लाइंस थाने में 24 अक्टूबर की रात 1:46 बजे FIR दर्ज की गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी हुई कार की तलाश में जुटी है.















Leave a Reply