बिधनू में शराब पीने से मना करने पर PRD जवानों ने दुकानदार पर थप्पड़ बरसाए, बेल्ट से पीटा

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में पीआरडी जवानों ने एक दुकानदार को पीट दिया. वर्दी पहनकर दुकान में घुसे और उसे पीटते हुए बाहर तक ले गए. पिटाई की यह घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. उसी पिटाई का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें घटना की तारीख और समय भी लिखा हुआ दिख रहा है.

वीडियो में दिख रहा है कि पीआरडी के दो जवान एक दुकान में घुसते हैं. एक जवान दुकानदार की पिटाई कर रहा है. घटना बिधून थाना क्षेत्र के कठेरुआ पार्किंग क्षेत्र की है. यहां चाय-नमकीन की दुकान चलाने वाले दुकानदार ने बिधनू थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

पीआरडी जवान शराब पी रहे थे, टोकने पर भड़क गए: बिधनू थाना क्षेत्र के कठेरुआ पार्किंग में दुकानदार शुभम की चाय और नमकीन की दुकान है. पीड़ित शुभम ने बिधनू थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि सोमवार की रात 09:30 बजे उसकी दुकान के पास दो पीआरडी जवान शराब पी रहे थे. दुकानदार ने जब सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने का विरोध करते हुए उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो दोनों आगबबूला हो गए.

आरोप है, कि विवाद बढ़ने पर दोनों पीआरडी जवानों ने दुकानदार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट करने लगे. पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने वर्दी का रौब दिखाते हुए बेल्ट उतारकर धमकाया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया.

जाजमऊ और कलक्टरगंज में तैनाती है: पीड़ित शुभम ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों में पीआरडी जवान नीरज और आशीष शामिल हैं. बताया जा रहा है कि नीरज की वर्तमान ड्यूटी जाजमऊ थाने में तैनात है. आशीष कलेक्टरगंज थाने में ड्यूटी कर रहा है. घटना के बाद पीड़ित ने बिधनू थाने पहुंचकर तहरीर देते हुए न्याय की गुहार लगाई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

इंस्पेक्टर का बयान- “बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो उनके संज्ञान में आया है. वीडियो की जांच की जा रही है. पूरे मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *