नौबस्ता में पत्नी को मारने दाैड़ा पति गिरा, चाकू उसके ही गले में ही धंसने से मौत

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के नौबस्ता में शराब पीने का विरोध में पत्नी पर हमला करने दौड़े लोडर चालक की गर्दन में चाकू लगने से मौत हो गई. परिवार वाले से उसे लहूलुहान हालत में एलएलआर अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया. वहीं, सूचना पर पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया और मामले की जांच में जुट गई है.

आवास विकास हंसपुरम निवासी 36 वर्षीय रंजीत वर्मा लोडर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. परिवार में पत्नी निधि वर्मा और दो बेटियां एंजेल वर्मा व क्रिस्टल वर्मा हैं। शुक्रवार सुबह घर में रंजीत, उनकी पत्नी और छोटी बेटी क्रिस्टल मौजूद थीं, जबकि बड़ी बेटी कोचिंग गई थी. छोटी बेटी क्रिस्टल ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे मां ने पिता को शराब पीने से मना किया था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और मारपीट होने लगी. इसी दौरान पिता किचन से चाकू उठाकर मां पर हमला करने के लिए दौड़े. मां ने बचाव में उनका हाथ पकड़ने की कोशिश की.

छीनाझपटी के दौरान पिता एकाएक लड़खड़ाकर जमीन पर गिर गए. इसी दाैरान हाथ में पकड़ा चाकू उनकी गर्दन में धंस गया, जिससे वह लहूलुहान हो गए. मां के शोर मचाने पर चाचा कुलदीप कमरे में पहुंचे और फिर आनन-फानन में उन्हें एलएलआर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पहुंचने से पहले उनकी मौत हो गई.

नौबस्ता थानाप्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि स्वरूप नगर पुलिस के जरिए उन्हें सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचे तो घटनास्थल पर फैला खून साफ किया जा चुका था. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बड़ी बेटी ने खून साफ किया था. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू को कब्जे में ले लिया है. फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *