श्रीपाल सिंह राणा, मुरादाबाद।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रविवार को भाजपा की ओर से आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग के समापन सत्र में शामिल होने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. पाठक ने कहा-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया. भारत का एक-एक कार्यकर्ता इस कार्य में जुटा है.
उन्होंने कहा कि मुरादाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगा. उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से जोड़ने का काम करेंगे.
मुरादाबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का जो सपना देखा है, उसे साकार करने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा. उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा, महिला और जरूरतमंद लोगों के उत्थान के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही भाजपा का मुख्य लक्ष्य है.
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय जनता के बीच नहीं जाते, बल्कि पूरे वर्ष 365 दिन लोगों की सेवा में जुटे रहते हैं. चाहे कोरोना काल जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां रही हों, भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगातार जनता के बीच रहकर सेवा कार्य किए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान लगातार जारी रहेगा. कानून व्यवस्था के मुद्दे पर डिप्टी सीएम ने साफ कहा कि “कानून अपना काम कर रहा है और सभी अपराधियों को कानून के दायरे में लाकर सजा दिलाने का काम सरकार कर रही है.” उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है.
डिप्टी सीएम ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस आज पूरी तरह हताशा और मानसिक तनाव की स्थिति में है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का जनाधार खत्म हो चुका है और पार्टी को देश की जनता लगातार नकार रही है. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें अपनी भाषा और राजनीतिक स्तर पर मंथन करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि “देश की जनता कांग्रेस पार्टी को कभी माफ नहीं करेगी, क्योंकि उनके विचार और बयान देशहित के खिलाफ दिखाई देते हैं.”
















Leave a Reply