कानपुर में पिता-पुत्र की हत्या का मुख्य आरोपी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, दोनों पैर में लगी गोली

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के यशोदा नगर बाईपास में बाइक टकराने के विवाद में पिता-पुत्र की चाकू घोंपकर हत्या करने वाले मुख्य हत्यारोपित सिमरा गांव निवासी करन वर्मा को पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. जवाबी कार्रवाई में आरोपित करन वर्मा के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी यशोदा नगर के उत्कर्ष अवस्थी और सिमरा गांव के समीर गौतम को पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोच लिया. वहीं मामले में एक अन्य आरोपित शिवा वर्मा को भीड़ ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था. फिलहाल, पुलिस ने घायल आरोपित करन को इलाज के लिए कांशीराम अस्पताल में भर्ती किया है.

अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि चकेरी के सजारी कांशीराम कॉलोनी फेज-1 निवासी 65 वर्षीय शिवनारायण त्रिवेदी किदवई नगर स्थित कनक मार्बल में काम करते थे. पिता के साथ दोनों बेटे शिवम और सत्यम भी पिछले कई वर्षों से नौकरी करते है. रविवार रात शिवनारायण अपने दोनों बेटों के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. करीब 9 बजे वे विराट नगर स्थित वृंदावन गेस्ट हाउस के सामने पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक आगे चल रही अपाचे बाइक से टकरा गई. इस पर खुन्नस खाए बाइक सवार आरोपितों ने पिता-पुत्रों को पहले बाइक से खींच लिया, फिर बीच सड़क हेलमेट से ताबड़तोड़ सिर पर प्रहार करना शुरू कर दिया. इसके बाद आरोपितों ने शिवनारायण की छाती पर चाकू घोंप दी, बचाने आये पुत्र शिवम और सत्यम पर चाकू से हमला किया. हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. चीख-पुकार सुनकर लोग दौड़े तो एक आरोपित नौबस्ता निवासी शिवा वर्मा को भीड ने पकड़ लिया, जबकि करन वर्मा और उज्ज्वल अवस्थी मौके से पैदल भाग निकले थे.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्रों को लेकर हैलट अस्पताल पहुंची, जहां डाक्टर ने जांच के बाद शिवनारायण तिवारी और उनके 25 वर्षीय बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया. वहीं सत्यम की हालत भी गंभीर बताई गई है. उधर, पकड़े गए आरोपित से पूछताछ के बाद पुलिस फरार चल रहे अन्य आरोपित की तलाश में लगी थी. सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे आरोपितों के पैदल बंबा के रास्ते हमीरपुर रोड की ओर जाने की पुलिस को सूचना मिली.

इस पर तत्काल घेराबंदी की गई तो आरोपितों ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की. पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपित करन ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में करन के दोनों पैर में गाेली लगी, जबकि उसके साथी उज्जवल और समीर गौतम को दौड़ाकर पकड़ा गया. दोनों आरोपित साथी समीर की मदद से शहर से बाहर निकलने की फिराक में थे. मुख्य आरोपित करन ने पूछताछ में बाइक टकराने को लेकर विवाद में मारपीट करके पिता-पुत्रों पर चाकू से हमला करने की बात कबूल की है.

मृत पिता-पुत्र

अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि बाइक टकराने के विवाद में पिता-पुत्र की हत्या करने की बात अभी तक सामने आई है. मुख्य आरोपित करन को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है. वहीं इस दौरान भाग रहे उसके दो अन्य साथियों को भी घेराबंदी कर दबोचा गया है. दोनों आरोपित समीर गौतम की मदद से शहर छोड़कर बाहर जाने की फिराक में थे. वहीं अन्य पहलुओं को भी ध्यान में मामले की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *