रिजवान उददीन,फतेहपुर।
यूपी के फतेहपुर में ग्राम प्रधान की 80 साल की बुजुर्ग सास की हत्या कर दी गई है. उनका शव घर से 800 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे एक खेत में क्षत–विक्षत हालत में पड़ा मिला। दोनों हाथ कटे हुए थे. चेहरा और शरीर का ऊपरी हिस्सा एसिड से जला दिया गया था.
परिजनों ने बताया– बुजुर्ग महिला खेत के पास बने एक मकान में रहने गई थीं. सुबह करीब 4 बजे शौच के लिए घर से निकली थीं, पर वापस नहीं लौटीं. सुबह गांव के लोगों ने उनका शव खेत में पड़ा देखा. कपड़ों की मदद से शव की शिनाख्त हो सकी.
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है. पुलिस पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका जता रही है. फिलहाल मृतका के बेटे–बहू ने किसी भी पुरानी रंजिश से इनकार किया है. घटना जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र की है.
शव के दोनों हाथ कटे हुए थे. चेहरा और शरीर का ऊपरी हिस्सा एसिड से जलाया गया था.
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र अंतर्गत नौबस्ता चौकी क्षेत्र के किशोई गांव निवासी लक्ष्मी देवी पिछली तीन बार से ग्राम प्रधान हैं. पति अजीत सिंह प्रधान प्रतिनिधि हैं. अजीत की मां फूलमती देवी भी साथ रहती हैं.
परिवार ने बताया– दो दिन पहले फूलमती खेत के पास वाले मकान में अकेले रहने चली गई थीं. उसके बाद से नहीं लौटीं. वे आज सुबह करीब 4 बजे इसी मकान से खेत की ओर निकली थीं. सुबह करीब 8:30 बजे गांव के लोगों ने बताया– मकान से 60 मीटर दूर खेत में एक महिला का शव पड़ा हुआ है.
हम मौके पर पहुंचे तो कपड़ों से पहचान की. फूलमती का एक हाथ पूरा कटकर अलग था। दूसरा हाथ भी कटा हुआ था, सिर्फ हड्डी दिख रही थी. चेहरा और शरीर का ऊपरी हिस्सा एसिड या कोई ज्वलनशील पदार्थ डालकर जला दिया गया था.
सूचना पर खागा सीओ दुर्गेश दीप, थाना प्रभारी तेजबहादुर सिंह और नौबस्ता चौकी इंचार्ज हिमांशु सिंहपुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। आसपास के क्षेत्रों में जांच की, पर कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है.
हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं– अजीत सिंह: फूलमती के बेटे अजीत सिंह ने बताया– मेरी पत्नी लक्ष्मी देवी तीन बार से ग्राम प्रधान हैं, पर हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। मां दो दिन पहले खेत वाले मकान में अकेले रहने चली गई थीं। इसलिए हमें ज्यादा कुछ पता नहीं चल सका.
सीओ दुर्गेश दीप ने बताया– “प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. परिजनों ने भी किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है. किसी भी रंजिश से इनकार किया है। फिलहाल पुरानी रंजिश, संपत्ति विवाद और अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.”















Leave a Reply