हमीरपुर में दो डंपरों की भिड़ंत के बाद भीषण आग, चालक जिंदा जला; खलासी बुरी तरह झुलसा

Spread the love

इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर के बिवांर थाना क्षेत्र के जलालपुर रोड में बुधवार तड़के करीब ढाई बजे दो डंपरों की भिड़ंत के बाद आग लग गयी जिसमें एक डंपर के अंदर फंसे चालक की जलकर दर्दनाक मौत हो गयी जबकि खलासी गंभीर रूप से झुलस गया. जानकारी के अनुसार मोरम लदा तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे खड़े खराब डंपर में पीछे से टकरा गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई. मरने वाला चालक पीछे से टक्कर मारने वाले डंपर का है.

घटना बिवांर थाना क्षेत्र के बंधुर रोड पर बिवांर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार जलालपुर थाना क्षेत्र के भेड़ी गांव से दोनों डंपर मोरम लादकर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक डंपर खराब होकर सड़क किनारे खड़ा हो गया था. तभी पीछे से आ रहे दूसरे मोरम लदे डंपर ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर लगते ही दोनों डंपरों में आग भड़क उठी. पीछे से टकराने वाला डंपर देखते ही देखते आग का गोला बन गया और पूरी तरह जलकर खाक हो गया. डंपर में फंसे चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. सूचना मिलते ही बिवांर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया. काफी मशक्कत के बाद सुबह तक आग पर काबू पाया जा सका. घायल खलासी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.पुलिस मृत चालक की शिनाख्त कराने में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *