हमीरपुर पुल हादसे में मारे गए लोगों को 5-5 लाख, घायलों को 50-50 हजार, CM योगी का ऐलान

Spread the love

यूपी के हमीरपुर में आंधी-तूफान के कारण बेतवा नदी पर बन रहा पुल देर रात ढह गया. हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मारे गए लोगों के परिजनों और घायलों को मुआवजे का ऐलान किया है. सीएम योगी ने मारे गए लोगों को 5-5 लाख और घायलों को 50-50 हजार देने की घोषणा की है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है. पुलिस के अनुसार, घटना तड़के करीब तीन बजे लालपुरा थाना क्षेत्र में हुई, जब परसनी और कुरारा कंदौर गांव के बीच निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिर गया. बताया जाता है कि यहां दो शिफ्ट में काम होता है। दूसरी शिफ्ट के मजदूर ऊपर काम कर रहे थे और पहली शिफ्ट के नीचे थे. अधिकारियों ने बताया कि पुल निर्माण कार्य में लगे कई मजदूर स्लैब के ऊपरी हिस्से पर सो रहे थे. इसी दौरान अचानक स्लैब गिर गया.

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान लोकेन्द्र (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र चौहान (34) और राजेश पाल (42) के रूप में हुई है. वहीं, अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद पिलर के नीचे फंसकर घायल हो गए.

लालपुरा थाना प्रभारी राजेश कुमार सरोज ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने तीनों घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेज दिया है. उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है. सरोज ने बताया कि मलबा हटाकर यह देखा जा रहा है कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति दबा तो नहीं है.

अधिकारियों को राहत-बचाव का निर्देश: मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”जनपद हमीरपुर में बेतवा नदी पर एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं.” उन्होंने कहा, ”प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.” मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन को एसडीआरएफ के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं.

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जताया दुख: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी हादसे पर दुख जताया है. ब्रजेश पाठक ने एक्स पर लिखा कि जनपद हमीरपुर में बेतवा नदी पर हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक एवं हृदय विदारक है. शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. प्रभु श्री राम जी से प्रार्थना है कि पुण्यात्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *