फतेहपुर में वन विभाग की लापरवाही से घायल राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

Spread the love

रिजवान उददीन,फतेहपुर।
UP के फतेहपुर जिले में वन विभाग की कथित लापरवाही का एक मामला सामने आया है. गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाह गांव में एक घायल राष्ट्रीय पक्षी मोर की उपचार में देरी के कारण मौत हो गई. ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर समय पर मौके पर न पहुंचने का आरोप लगाया है, जिससे उनमें भारी आक्रोश है. मोर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया.

मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय पक्षी मोर घंटों खेत में चोटिल हालत में तड़पता रहा लेकिन ना वन दरोगा पहुंचे ना ही कोई वन कर्मी. ग्रामीणों की सूचना पीआरवी व स्थानीय पुलिस पहुंची और फिर डॉक्टरों को सूचना दी लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और मोर ने दम तोड़ दिया.

गांव निवासी अनुज शुक्ला ने बताया कि उन्होंने खेत में घायल अवस्था में एक मोर को देखा था. उन्होंने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी. आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन दरोगा और अन्य वनकर्मी कई घंटों तक मौके पर नहीं पहुंचे, जिस दौरान घायल मोर दर्द से तड़पता रहा.

बाद में, सूचना मिलने पर पीआरवी और स्थानीय पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. उन्होंने पशु चिकित्सकों को बुलाकर मोर के इलाज की व्यवस्था की. डॉक्टरों ने मोर को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों और समय पर उपचार न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई.

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की निष्क्रियता और लापरवाही पर गहरी नाराजगी व्यक्त की. ग्रामीणों का कहना था कि यदि वन विभाग की टीम समय रहते पहुंच जाती, तो राष्ट्रीय पक्षी की जान बचाई जा सकती थी.

मोर की मौत के बाद वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में राष्ट्रीय पक्षी मोर का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. वहीं, ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

इस संबंध में वन दरोगा अर्जुन सिंह ने बताया कि उन्हें एक मोर के घायल होने की सूचना मिली थी मौके पर पहुंचकर पशु चिकित्सक को बुलाया गया और इलाज कराया गया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण मोर की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *