UP के कौशांबी जिले में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. यह हादसा तब हुआ, जब पंचर हुई पिकअप का टायर बदलते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में गंभीर रूप से घायल चारों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अब पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल: हादसा मंगलवार रात करीब 12 बजे सैनी कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर स्थित कंगन होटल के सामने हुआ. बताया जा रहा है कि एक पिकअप वाहन का टायर पंचर हो गया था. चालक और उसके साथी सड़क किनारे पंचर बदल रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस: मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने चारों युवकों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान साबिर, अकबर पुत्र स्वर्गीय शरीफ निवासी वार्ड नंबर-10 सिराथू, अनवर पुत्र स्वर्गीय मुमताज निवासी मूरतगंज और एहसान पुत्र स्वर्गीय सपातुल्लाह निवासी रसूलपुर थाना कोखराज के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.
















Leave a Reply