मेरठ जेल में मिली दो ‘कातिल’ पत्नियां: सांप से डसवाने वाली दामिनी और ‘नीले ड्रम’ वाली मुस्कान

Spread the love

मेरठ जिला कारागार में बंद पति की ‘कातिल’ दामिनी की पहली रात काफी उथल-पुथल भरी रही. सांप से डसवाकर पति को मौत के घाट उतारने वाली आरोपी दामिनी ने शुरुआत में जेल का खाना नहीं खाया और रात भर करवटें बदलती रही. अगले दिन सुबह गिनती और नाश्ते के समय दामिनी की मुलाकात जेल में पहले से बंद नीले ड्रम कांड की आरोपी मुस्कान से हुई. दोनों का आपस में परिचय हुआ और उनके बीच करीब एक से डेढ़ मिनट तक बातचीत हुई. वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के मुताबिक दामिनी अब धीरे-धीरे जेल की दिनचर्या में ढल रही है.

बेटे की याद में रो पड़ी दामिनी: जेल में रहने के दौरान दामिनी बार-बार अपने बेटे मानिक को याद कर रही है और उससे मिलने की इच्छा जता रही है. जेल अधिकारियों के अनुसार वह कई बार अपने बेटे को याद करके रो पड़ी. इसके अलावा उसने अपने माता-पिता से मिलने की भी इच्छा जाहिर की और जेल प्रशासन से मुलाकात की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली. पढ़ाई और मन को शांत करने के लिए उसने जेल की लाइब्रेरी से एक धार्मिक पुस्तक भी ली है.

प्रेमी से मिलने की इच्छा नहीं जताई: जेल में रहने के बावजूद दामिनी ने अपने प्रेमी तुषार से मिलने की कोई इच्छा जाहिर नहीं की है. हालांकि जेल प्रशासन का कहना है कि न्यायालय की अनुमति और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की प्रक्रिया के तहत दोनों की बातचीत संभव हो सकती है. वहीं जेल अधिकारियों ने बताया कि जब भी कोई नया बंदी जेल आता है तो वह भयभीत और हैरान रहता है. अन्य महिला बंदियों से बातचीत के बाद उसने नाश्ता और भोजन किया.

जेल अधीक्षक ने ये कहा- वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि वर्तमान में जेल में इस प्रकार के गंभीर अपराधों में शामिल पांच महिलाएं बंद हैं, जबकि तीन महिलाएं छूट चुकी हैं. सुबह जब महिलाएं नाश्ते और गिनती के लिए एक जगह जमा हुईं, तब दामिनी और मुस्कान का आमना-सामना हुआ. दामिनी अब जेल के नियमों और दिनचर्या को समझ रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *