UP के मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम है. CM योगी ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि में पूजा-अर्चना की. अब वे ब्रजवासियों और श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे हैं. उन्होंने कहा- भारत पर कई आक्रमण हुए, लेकिन सनातन की आस्था को कोई मिटा नहीं पाया। जिन्होंने भी कोशिश की, वे मिटटी में मिल गए. आज उनका कोई नाम लेने वाला नहीं.
इधर, बांके बिहारी मंदिर में भक्तों की लंबी लाइन लगी है. तड़के हुई मंगला आरती में 10 हजार भक्त शामिल हुए. महिलाओं ने ढोल-मंजीरों और शंख की धुन पर डांस किया. प्रशासन के मुताबिक, जन्मोत्सव पर देश-विदेश से 10 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं.
आज रात 12 बजे कान्हा का जन्म होगा. इससे पहले, 11:55 बजे 5 मिनट के लिए पट बंद रहेंगे. गर्भगृह में पर्दे के पीछे कान्हा को पंचरत्नी पीतांबरी पोशाक पहनाई जाएगी. रत्न-जड़ित मुकुट और आभूषणों से श्रृंगार होगा. जन्म के बाद पर्दा खुलेगा और आरती होगी. इसके बाद प्रतिमा गर्भगृह से बाहर लाई जाएगी, जहां भक्त दर्शन करेंगे.

सोने से सजी चांदी की कामधेनु के दूध से अभिषेक होगा. फिर भगवान को चांदी के कमल पर बिठाकर पंचामृत स्नान कराया जाएगा. 12:45 बजे प्रतिमा गर्भगृह में रखकर शयन आरती होगी और कपाट बंद कर दिए जाएंगे.

गर्भगृह को 200 किलो चांदी और आकर्षक फूल-पत्तियों से सजाया गया है. जन्म के समय मंगल ध्वनि और आनंद संकीर्तन के लिए उज्जैन से डमरू और मृदंग वादक बुलाए गए हैं. जन्म अभिषेक का LED स्क्रीन और टीवी चैनलों पर सीधा प्रसारण होगा.















Leave a Reply