UCC पर अमित शाह का बड़ा ऐलान, 2029 तक NDA वाले 21 राज्यों में हो जाएगा लागू

Spread the love

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को यूसीसी को लेकर बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहाकि साल 2029 तक एनडीए के शासन वाले 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 30 दिन के सेवा संकल्प अभियान का ऐलान करते हुए अमित शाह ने यह बात कही.

उन्होंने कहा कि भाजपा और सहयोगी दल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाएंगे. मुंबई में सेवा संकल्प अभियान को लेकर मीडिया को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि हमने कई राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू की है. हम इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि साल 2029 के पहले भाजपा शासित सभी 21 प्रदेशों में समान नागरिक संहिता लागू करने में सफल होंगे.

अमित शाह ने कहा ‘हमने कई राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू की है. मुझे पूरा भरोसा है कि 2029 से पहले हम एनडीए शासित सभी 21 राज्यों में यूसीसी को पूरी तरह लागू कर देंगे.’

गृह मंत्री ने बताया कि यह फैसला सरकार की ‘इंडिया फर्स्ट’ सोच का हिस्सा है. उन्होंने साफ किया कि आजादी के बाद से जो पुराने और उलझे हुए मसले सालों से लटके पड़े थे, सरकार अब उन्हें एक-एक करके सुलझा रही है. इसका मकसद देश के हर नागरिक को बराबरी का हक देना और देश के कानूनों को और ज्यादा मजबूत बनाना है. 

पीएम मोदी की मजबूत नीति से कांपते हैं दुश्मन: अमित शाह- पीएम मोदी की तारीफ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कौन सोच सकता था कि देश को ऐसा प्रधानमंत्री मिलेगा जो आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान की सीमा में घुसकर जवाबी कार्रवाई करेगा? चाहे सर्जिकल स्ट्राइक हो, एयर स्ट्राइक हो या ऑपरेशन सिंदूर, हमारे नेता नरेंद्र मोदी ने इतनी मजबूत ‘रक्षा नीति’ बनाई है कि भारत पर हमले के ख्याल से ही दुश्मन के पसीने छूट जाते हैं.

अमित शाह ने पीएम मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा ‘2014 से पहले भारत दुनिया की 5 सबसे कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था, लेकिन आज टॉप-5 में शामिल है. पहली तिमाही में 7.8% की विकास दर के साथ देश सबसे आगे चल रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर क्षेत्र में बड़े सुधार किए हैं, जिससे देश को भरोसा मिला है कि 15 अगस्त 2047 तक भारत दुनिया में सबसे आगे होगा.’

भ्रष्टाचार और परिवारवाद से निकलकर ‘इंडिया फर्स्ट’ :अमित शाह ने कहा कि 2014 से पहले देश की राजनीति भ्रष्टाचार, जातिवाद और वंशवाद में उलझी थी, लेकिन पिछले 12 वर्षों में देश काम और विकास की राजनीति की तरफ बढ़ा है. सरकार की रक्षा और विदेश नीति का एकमात्र आधार ‘इंडिया फर्स्ट’ (भारत पहले) रहा है. कभी दुनिया की पांच सबसे कमजोर (Fragile Five) अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाने वाला भारत आज दुनिया की टॉप-5 बड़ी आर्थिक ताकतों में शामिल है, जो पहली तिमाही में 7.8% की जीडीपी ग्रोथ के साथ सबसे तेज गति से आगे बढ़ रहा है. इसके साथ ही आजादी के बाद पहली बार भारतीय भाषाओं को भी उनका असली सम्मान और पहचान मिली है.

आतंक पर जीरो टॉलरेंस नीति: गृह मंत्री ने आंतरिक सुरक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश की नीति स्पष्ट है अगर भारतीय जवानों या नागरिकों पर आतंकी हमला हुआ, तो उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि लगभग 50 सालों से देश की सुरक्षा के लिए नासूर बने तीन बड़े संकटों, जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाना, नक्सलवाद की कमर तोड़ना और पूर्वोत्तर (नॉर्थ-ईस्ट) में शांति बहाल करना को हमेशा के लिए सुलझाकर भारत ने अपनी मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति का लोहा पूरी दुनिया में मनवाया है.

‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए पोलिंग बूथ तक पहुंचेगी बीजेपी: ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए बीजेपी संगठन देश के हर राज्य, जिले और हर पोलिंग बूथ तक पहुंचेगा. अमित शाह ने कहा कि यह सिर्फ भाजपा का कार्यक्रम नहीं है. इसमें एनडीए के सभी सहयोगी दल, सामाजिक संगठन और आम लोग भी शामिल होंगे. यह अभियान देश की हर लोकसभा और विधानसभा सीट पर चलेगा. इसका मकसद सीधे बूथ स्तर तक जाकर लोगों की सेवा करना और उनसे जुड़ना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *