UP के शाहजहांपुर में करवाचौथ से एक दिन पहले पति ने पत्नी को कुल्हाड़ी से काट डाला. उसने तीन छोटे बच्चों के सामने मां पर ताबड़तोड़ वार किए. पत्नी जैसे ही लहूलुहान होकर नीचे गिरी। पति 6 साल के बेटे को लेकर घर से भाग निकला.
सूचना पर पहुंची पुलिस को मायके वालों ने बताया- दामाद नौकरी करने लुधियाना जाना चाहता था जबकि, बेटी उसे दिल्ली में जॉब करने के लिए मना रही थी. इसी को लेकर दोनों का बुधवार दोपहर करीब 2 बजे झगड़ा हुआ था. घटना जिला मुख्यालय से 65 किमी दूर अल्हागंज के चौरसिया गांव की है.
मां को लहूलुहान देख रोने लगे बेटा-बेटी: चौरसिया गांव के अवनीश (35) और सुशीला (30) की आठ साल पहले शादी हुई थी. अवनीश पत्नी, 3 बच्चों के साथ गांव में ही रहता था. इनमें दो बेटे (6 और 3 साल), बेटी (3) साल की है। बुधवार दोपहर घर में खाना खाने की तैयारी चल रही थी. एक थाली में रोटी-सब्जी रखी थी. तभी पति-पत्नी के बीच झगड़ा शुरू हो गया.
अवनीश ने कमरे के कोने में रखी कुल्हाड़ी उठाई. सुशीला की गर्दन-सीने पर गुस्से में ताबड़तोड़ वार कर दिए. उसे लहूलुहान छोड़ बड़े बेटे को लेकर भाग निकला. मां के पास दोनों छोटे बच्चे घर में रोते रहे. पड़ोसियों ने चुप कराने के लिए दूध की बोतल दी. जिसे पीते-पीते छोटा बच्चा घर के बाहर सो गया.
पत्नी कहती थी- ससुराल भेजा, तो पति मार देगा: सुशीला की भाभी शालू ने बताया- अवनीश आए दिन उसके साथ मारपीट करता था. इसी के चलते सुशीला करीब दो महीने तक मायके में रही. अवनीश उसे ससुराल वापस लाने की जिद कर रहा था. सुशीला हम लोगों से हमेशा यही कहती थी कि अगर दोबारा ससुराल भेजा, तो पति उसे मार देगा.
करीब 15 दिन पहले अवनीश उसे लेने मायके पहुंचा था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद सुशीला ससुराल लौट आई थी.
पति लुधियाना जाना चाहता था: शालू के मुताबिक, अवनीश परिवार को लेकर नौकरी के लिए लुधियाना जाना चाहता था, जबकि सुशीला दिल्ली जाने की जिद कर रही थी. उसका कहना था कि दिल्ली में परिवार वाले रहते हैं, जिससे मदद भी मिल सकती है. दोनों का झगड़ा कभी-कभी ग्रामीणों तक पहुंच जाता था.
सीओ दीपक सिंह ने बताया- “पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या की है. मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए हैं. शिकायत दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए दबिश डाली जा रही है.”















Leave a Reply