अयोध्या में जले 30 लाख दीये: शोभायात्रा में रामायण दिखाई गई, उपराष्ट्रपति-CM योगी, कई मंत्री मौजूद

Spread the love

अयोध्या में आज 10वां दीपोत्सव मनाया जा रहा है. यहां सरयू नदी के किनारे 56 घाटों पर 30 लाख दीये जलाए गए. राम की पैड़ी और सरयू घाट पर लेजर शो शुरू हो गया है. इसके पहले अयोध्या में करीब 3 घंटे तक शोभा यात्रा निकाली गई. इसमें 21 झांकियां शामिल थीं। इनमें रामायण के सात कांडों को दर्शाया गया था.

अयोध्या के रामकथा पार्क में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण का राज्याभिषेक हुआ. सीएम योगी ने माला पहनाई, जबकि उपराष्ट्रपति ने तिलक किया. हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा हुई. इसके बाद राम, सीता और लक्ष्मण रथ पर सवार हुए. CM योगी और दोनों डिप्टी सीएम ने रथ खींचा।दीपोत्सव देखने के लिए मुंबई, गुजरात और बिहार सहित देशभर से लोग पहुंचे हैं.

दसवें दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए पूरी अयोध्या को पारंपरिक दीपों के साथ आधुनिक रोशनी से सजाया गया है. राम की पैड़ी पर 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने काम शुरू हो गया है जबकि धर्मपथ पर 50 डिजिटल स्तंभों के जरिए रामायण के प्रसंग दिखाए जा रहे हैं. नेशनल हाईवे से प्रवेश द्वार तक दोनों ओर 12-12 फीट ऊंचे ये स्तंभ डिजिटल लाइट शो का हिस्सा होंगे.

इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर को रंग-बिरंगी फूलों से सजाया गया है. दीपोत्सव से पहले रामायण के सातों कांड की 22 झांकियों ने अयोध्या की सड़कों पर त्रेतायुग उतार दिया. झांकियों के आगे महिलाएं ढोल बजाते हुए चलीं.

राम-सीता के बाल स्वरूप से लेकर रावण वध तक की झांकियां देखकर भक्त भावुक हो गए. हर तरफ रंग-बिरंगे वेशभूषा में सजे कलाकार डांस कर रहे हैं. एक भक्त भगवान श्रीराम के वेश में पहुंचा. अब तक 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालु रामनगरी पहुंच चुके हैं.

विदेशी आक्रांताओं ने तोड़ा था राम मंदिर- उपराष्ट्रपति: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने अपने संबोधन में कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने भगवान राम का मंदिर तोड़ दिया था लेकिन, 500 साल बाद हमने उसका पुनर्निर्माण किया, हम सत्य में विश्वास रखते हैं.

कुछ ताकतें अराजकता को बढ़ावा दे रहीं- योगी: CM योगी ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ ताकतें नक्सलवाद, आतंकवाद और अराजकता को बढ़ावा देकर देश की व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश कर रही हैं.

सीएम योगी ने कहा कि अब अयोध्या में जय श्रीराम बोलने पर कोई प्रतिबंध नहीं लगा सकता. प्रदेश में किसी को पूजा करने से नहीं रोका जा सकता और न ही कोई दंगा करने की हिम्मत कर सकता है.

लेजर शो के बाद सीएम योगी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस भारत को कभी अविश्वास, अराजकता, आतंकवाद, नक्सलवाद और भ्रष्टाचार का पर्याय माना जाता था, उसकी तस्वीर पिछले 12 साल में बदल गई है. उन्होंने कहा- नया भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *