कल्याणपुर में डिलीवरी बॉय ने फंदा लगाकर दी जान, होम लोन और पॉक्सो मुकदमे से था परेशान

Spread the love

कानपुर के कल्याणपुर में सात लाख रुपये के होम लोन की किश्त और पॉक्सो मुकदमे की पैरवी के खर्च से परेशान एक डिलीवरी बॉय मिहिर कुमार (25 ने गुरूवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आर्थिक बोझ और कोर्ट-कचहरी की तारीखों के चलते वह काफी समय से मानसिक तनाव में चल रहा था. ऑनलाइन शॉपिंग पोर्टल में काम करने वाले मिहिर का शव फंदे पर लटका देखकर परिजनों में चीखपुकार मच गई.

परिजन के मुताबिक, मिहिर ने कुछ समय पहले सात लाख रुपये का होम लोन लिया था. इसकी हर महीने 12 हजार रुपये की किश्त चुकानी पड़ रही थी. इसी बीच सोशल मीडिया के जरिए उसकी बातचीत कन्नौज की रहने वाली एक किशोरी से शुरू हो गई. किशोरी घरवालों को बिना बताए उसके पास कल्याणपुर आ गई थी.

काफी तनाव में रहता था: इसकी जानकारी किशोरी के परिजनों को हुई, तो उन्होंने मिहिर के खिलाफ कन्नौज के ठठिया थाने में पॉक्सो की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. जेल से छूटने के बाद मुकदमे में तारीखें पड़ने लगीं. एक तरफ होम लोन की किश्त चुकाने की जिम्मेदारी थी, तो दूसरी तरफ मुकदमे की पैरवी में खर्च हो रहा था. छोटे भाई श्रेय के मुताबिक, इन दोनों वजहों से मिहिर काफी तनाव में रहता था.

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा: गुरूवार देर रात उसने घर में फंदा लगाकर जान दे दी. परिवार में मां माया देवी प्राइवेट नौकरी करती हैं, जबकि छोटा भाई श्रेय आईआईटी की मेस में काम करता है. कल्याणपुर इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों ने तनाव के कारण खुदकुशी की बात कही है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *