कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर स्थित नेताजी नगर में शुक्रवार शाम रुई के गोदाम में आग लग गई. शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया.
गोदाम में काम कर रहे 10 मजदूर जान बचाकर बाहर भागे. आग और धुएं का गुबार देखकर इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची तीन दमकल गाड़ियों ने करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.
रुई, गद्दों की कतरन और प्लास्टिक का सामान जला: सिविल लाइंस निवासी जीतू अग्रवाल का नेताजी नगर में अग्रवाल इंटरप्राइजेज नाम से रुई के गद्दे बनाने का कारखाना है। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे कारखाने में 10 कर्मचारी काम कर रहे थे। इसी दौरान बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने रुई और अन्य ज्वलनशील सामान को आग की चपेट में ले लिया।
कर्मचारियों ने बाहर भागकर जान बचाई. रुई, गद्दों की कतरन, प्लास्टिक और बोरियां जलकर राख हो गईं. राहत की बात रही कि आग मशीनों तक नहीं पहुंची.
पार्षद कार्यालय के सामने धधकता रहा गोदाम: गोदाम वार्ड-24 के भाजपा पार्षद वेद प्रकाश के कार्यालय के ठीक सामने है। पार्षद ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल नुकसान का आकलन नहीं किया गया है।
जाजमऊ और मीरपुर से पहुंचीं दमकल गाड़ियां: फायर अधिकारी मोहम्मद शमीम ने बताया कि सूचना पर जाजमऊ से दो और मीरपुर से एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग बुझा दी गई। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
















Leave a Reply