ठंड की मार के साथ UP और बिहार में बारिश के आसार, IMD ने बताया कहां-कहां बढ़ेगी ठंड

Spread the love

UP समेत भारत के कई राज्यों में ठंड बढ़ने वाली है. IMD यानी भारत मौसम विज्ञान ने उत्तर पश्चिम के राज्यों में अगले कुछ दिनों में पारा गिरने की संभावनाएं जताई हैं. हालांकि, इस दौरान मध्य भारत को ठंड से कुछ राहत जरूर मिल सकती है. साथ ही सुबह और रात के समय कोहरा भी जमकर सताने के लिए तैयार है. गुरुवार को दिल्ली में मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई थी.

मौसम विभाग ने गुरुवार रात जानकारी दी है कि 7 दिसंबर से 10 दिसंबर के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ क्षेत्रों में देर रात या अल सुबह घना कोहरा छा सकता है. साथ ही मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान धीरे धीरे 2 डिग्री सेल्सियस गिर सकता है.

IMD के अनुसार, दो दिनों में पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस कम हो सकता है. इसके बाद धीरे धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. विभाग का कहना है कि मध्य भारत में 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में खास बदलाव होने के आसार कम हैं.

दिल्ली एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम: विभाग ने जानकारी दी है कि शुक्रवार 6 दिसंबर को आसमान साफ रहेगा. सुबह स्मॉग या धुंध पड़ सकती है. इसके अलावा शाम या रात के समय भी ऐसा मौसम रह सकता है. मौसम विभाग ने बताया है कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिम हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. साथ ही इसका असर 8 दिसंबर से उत्तर पश्चिम भारत के मैदानों पर भी पड़ सकता है.

UP मौसम: उत्तर प्रदेश का मौसम IMD ने गुरुवार को बताया है कि 6 दिसंबर को मौसम शुष्क रहने के आसार हैं. साथ ही कुछ स्थानों पर मध्यम स्तर तक का कोहरा छा सकता है. विभाग ने तेज सतही हवा चलने की भी संभावनाएं जताई हैं. 7 दिसंबर को भी राज्य में ऐसा ही मौसम रहेगा. खास बात है कि मौसम विभाग ने 8 दिसंबर रविवार को कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश की बात कही है. सुबह के समय कोहरा रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *