प्रयागराज में प्रबुद्ध ब्राह्मण सम्मेलन में डिप्टी सीएम केशव मौर्य के भाषण के दौरान हंगामा हो गया. केशव सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे, तभी दो युवकों ने हाथ उठाकर कहा- केशवजी, UGC पर भी कुछ कहिए.
इस पर डिप्टी सीएम नाराज हो गए। उन्होंने कहा- चुप रहो, चलो. मैं सब कुछ बोलूंगा. मैं कोई चीज बोलने से कभी नहीं रुकता हूं. पुलिस ने इसके बाद दोनों युवकों को पकड़ लिया। भाजपा पार्षद विनय मिश्रा ने एक युवक को थप्पड़ मार दिया.
विवाद बढ़ता देख पुलिस दोनों युवकों को सभास्थल से बाहर ले गई. घटना रविवार को परेड ग्राउंड में हुई. सोमवार को इसका वीडियो सामने आया. यह सम्मेलन राष्ट्रीय परशुराम सेना (ब्रह्म वाहिनी) ने किया था.
एक युवक की पहचान प्रयागराज में रहने वाले रोहित तिवारी के रूप में हुई है जबकि दूसरे युवक का अभी पता नहीं चल पाया है.
युवक बोला- भाजपा में हूं, अभी सवाल नहीं करूंगा तो कब करूंगा: वीडियो में दिख रहा है कि केशव मौर्य भाषण में संगम पर होने वाले माघ मेले की तैयारियों को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिना रहे थे। इसी दौरान मंच के करीब 2 युवकों ने हाथ उठाया.
उन्होंने कहा- केशव जी, UGC के बारे में भी कुछ बोलेंगे? पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों को बोलने से रोका, लेकिन वो नहीं माने। जोर-जोर से UGC के मुद्दे पर बोलने की मांग करने लगे.
इस दौरान अल्लापुर के पार्षद विनय मिश्रा ने दोनों युवकों से पूछा कि सवाल क्यों कर रहे हो? एक युवक ने जवाब दिया- मैं भाजपा में हूं. मैं उनसे अभी सवाल नहीं करूंगा, तो कब करूंगा? इसी बीच पार्षद विनय मिश्रा ने एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया.
युवक बोला- सवाल करना गलत नहीं: डिप्टी सीएम से सवाल करने वाले रोहित तिवारी ने वीडियो जारी कर कहा- प्रयागराज में प्रबुद्ध महाकुंभ का आयोजन हुआ था। बड़े भैया विमल तिवारी ने यह कार्यक्रम कराया था.
केशव प्रसाद मौर्य भाषण में भाजपा, सपा और कांग्रेस की बातें कर रहे थे. मैंने उनसे कहा कि केशवजी, यह समाज, मंच और आयोजन हमारा है। इसलिए आप हमारे समाज के बारे में बोलिए.
हम यहां भाजपा, सपा और कांग्रेस की बातें सुनने नहीं आए हैं. हम यह जानने आए हैं कि हमारे लिए आपका क्या विजन है? आपकी सरकार हमारे बारे में क्या सोचती है और क्या करना चाहती है?
मैंने उनसे सिर्फ अपने समाज के बारे में बोलने को कहा था। इसके बाद 40-50 पुलिसवाले मुझे पकड़ने आ गए और चारों तरफ से घेर लिया। इसी बीच एक सभासद ने मुझे थप्पड़ मार दिया।
भाजपा विधायक ने युवक को थप्पड़ मारने का विरोध किया: इलाहाबाद शहर उत्तरी सीट से भाजपा विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी ने युवकों के सवाल का समर्थन किया। साथ ही रोहित तिवारी को थप्पड़ मारने का विरोध किया.
उन्होंने कहा, UGC का विरोध करना हर ब्राह्मण और सवर्ण का हक है. जिन लोगों ने अपना नंबर बढ़ाने के लिए कल अपने ही समाज के लोगों पर हिंसा की, वे जान लें कि कोई अपने बच्चे का नाम विभीषण नहीं रखता.
आयोजक बोले- युवाओं को थप्पड़ मारना निंदनीय हैं: परशुराम सेना ब्रह्म वाहिनी के अध्यक्ष और सम्मेलन के आयोजक विमल तिवारी ने कहा- युवाओं को थप्पड़ मारा गया, वह निंदनीय है। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं. हालांकि, यह आयोजन स्थल से थोड़ी दूर पर हुआ. संवैधानिक देश है, आवाज उठाना सबका अधिकार है. बाकी हमने केशवजी से भी अपनी बात रखी थी। यह कार्यक्रम ब्राह्मणों के लिए था.
















Leave a Reply