CM योगी ने 1.89 करोड़ महिलाओं को दिया मुफ्त गैस सिलेंडर, बोले- एजेंसी जाइए; कोई पैसा नहीं मांगेगा

Spread the love

CM योगी ने मंगलवार को उज्ज्वला योजना की 1.89 करोड़ महिला लाभार्थियों को दिवाली का तोहफा दिया. लोकभवन में मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर बांटा. सीएम ने कहा- बाजार में एक रसोई गैस सिलेंडर की कीमत लगभग 983.45 रुपए है. इसमें से मोदी सरकार 335.40 रुपए की सब्सिडी पहले ही देती है. आम तौर पर उपभोक्ता को जेब से 648.55 रुपये खर्च करने पड़ते हैं.

योगी ने कहा, ‘दीपावली और होली पर हमने वादा किया था कि हम बहनों को मुफ्त सिलेंडर देंगे. दीपावली पर आपके 648.55 रुपए का भुगतान राज्य सरकार ने सीधे गैस कंपनियों को कर दिया है. अब आपको खाली सिलेंडर लेकर गैस एजेंसी जाना है, वहां कोई भी आपसे एक रुपया नहीं मांगेगा.

सीएम ने कहा- 650 रुपये अब महिलाओं की जेब में बचेंगे, उससे वे अपने बच्चों के लिए दीपावली की मिठाइयां, घर के लिए दीये और पूजा का सामान खुशी-खुशी खरीद सकती हैं.

कार्यक्रम में तमाम मुस्लिम लाभार्थी भी पहुंची थीं.

‘पहले 50 हजार की घूस, अब फ्री कनेक्शन’: पूर्ववर्ती सरकारों (खासकर कांग्रेस कार्यकाल) पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा- 2014 से पहले देश में रसोई गैस का एक कनेक्शन पाना किसी पहाड़ खोदने जैसा काम था। एक कनेक्शन के लिए लोग 25,000 से 50,000 रुपए तक ब्लैक में देने को मजबूर थे. नेताओं और अफसरों के चक्कर काटने पड़ते थे. 1 मई 2016 को प्रधानमंत्री मोदी ने यूपी के बलिया जिले से ही ‘उज्ज्वला योजना’ की शुरुआत की थी. मोदीजी ने माताओं-बहनों के चूल्हे के धुएं से होने वाले आंसुओं को देखा और तय किया कि हर गरीब घर तक मुफ्त गैस कनेक्शन पहुंचेगा. आज उसी का नतीजा है कि उत्तर प्रदेश के करोड़ों घरों में धुआंमुक्त रसोई है.

‘वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट गवाह, 46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए’: सीएम योगी ने हाल ही में आई वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का जिक्र करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की आर्थिक नीतियों की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा- 2014 के पहले देश में आए दिन कॉमनवेल्थ घोटाला, 2G घोटाला और कोल घोटाला सुनने को मिलता था. नौजवान बेरोजगार थे, किसान परेशान थे और गरीब भूख से तंग आ चुके थे लेकिन 2014 के बाद देश में सुशासन आया. वर्ल्ड बैंक के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत में 46 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा के नीचे (BPL) से उबरकर एक सामान्य और खुशहाल जिंदगी जीने में सक्षम हुए हैं.

CM योगी ने कहा- “त्योहार का असली आनंद तभी है जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के चेहरे पर भी मुस्कान हो. 1.89 करोड़ परिवारों को दीपावली की ढेर सारी शुभकामनाएं. आइए, हम सब मिलकर इस पर्व की खुशियों को एक-दूसरे के साथ बांटें.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *