पूर्वी दिल्ली के शाहदरा इलाके में शनिवार सुबह सैर पर निकले एक व्यापारी की दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि 52 वर्षीय सुनील जैन को कई गोलियां मारी गईं. उसने बताया कि जैन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बर्तनों का व्यवसाय करने वाले जैन ‘यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स’ से सुबह की सैर कर घर लौट रहे थे कि तभी फर्श बाजार इलाके में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाईं. अधिकारी ने बताया कि हमले के बाद आरोपी फरार हो गये. उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
मोटरसाइकिल से आए बदमाश
मामले की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची. मृतक की पहचान सुनील जैन (52) के रूप में हुई है. बताया गया है कि मोटरसाइकिल पर आए दो बदमाशों ने उन्हें गोली मारी है. डीसीपी शाहदरा, प्रशांत गौतम के मुताबिक, क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया है. आगे की जांच जारी है.
नाम पूछा और फिर मारी गोली
मृतक सुनील जैन कृष्णा नगर विश्वास नगर से स्कूटी से जा रहे थे, तभी एक बदमाश आया नाम पूछा और गोली मार दी और दूसरे बदमाश ने सिर में गोली मारी. पुलिस को मौके से 6 खाली खोखा बरामद किए हैं. करीब 6-7 राउंड फायरिंग की गई है. वारदात के बाद दिल्ली सरकार ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.
केजरीवाल ने अमित शाह को घेरा
दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा है कि ‘क्राइम कैपिटल- शाहदरा जिले में सुबह ही गोलियों की आवाज गूंज उठी जब बर्तन व्यापारी संजय जैन मॉर्निंग वॉक करके अपनी स्कूटी से घर की तरफ लौट रहे थे तभी बदमाशों ने रोक कर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी. बताया जा रहा है कि 6 से 7 राउंड फायर चले और सभी गोलियां संजय जैन को लगी है’. इसके बाद इसी पोस्ट को लेकर आप संयोजक केजरीवाल ने केंद्र सरकार को घेरा है. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सौरभ भारद्वाज के एक्स पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा है ‘अमित शाह जी ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया. दिल्ली को जंगल राज बना दिया. चारों तरफ़ लोग दहशत की ज़िंदगी जी रहे हैं. बीजेपी से अब दिल्ली की क़ानून व्यवस्था नहीं संभल रही. दिल्ली वालों को एकजुट होकर आवाज़ उठानी होगी’.













Leave a Reply