गाजियाबाद में ACP ऑफिस के कमरे की छत गिरी, दरोगा की मौत; देर रात से हो रही बारिश

Spread the love

यूपी में नौतपा पहले दिन आंधी-बारिश का कहर बरपा और गाज़ियाबाद-सहारनपुर समेत 13 जिलों में पानी बरसा. कई जिलों में बादल छाए हैं. गाजियाबाद में रात आई तेज आंधी और बारिश के चलते ACP ऑफिस में बने कमरे की छत गिर गई इसमें दरोगा वीरेंद्र कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई. दरोगा वीरेंद्र कुमार मूल रूप से इटावा जिले के रहने वाले थे.

गाजियाबाद में तड़के 3 बजे से बारिश शुरू हुई, जो सुबह 7 बजे तक होती रही. इसके बाद बादल छाए हैं. शनिवार रात से रविवार सुबह तक नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, हाथरस, संभल, बिजनौर, बदायूं, इटावा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, मेरठ, बरेली, आगरा में बारिश हुई. आंधी चलने से कई जिलों में पेड़ और बिजली के खंभे टूट गए. बिजली सप्लाई ठप रही। बादल और हवा ने गर्मी से राहत दी है. मौसम विभाग ने आज 60 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.

दिल्ली में भी मौसम खराब है। इसी कारण दुबई से दिल्ली आ रही फ्लाइट को वहां लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली. ऐसे में फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग वाराणसी में कराई गई. दिल्ली जाने वाली तीन डोमेस्टिक फ्लाइट की भी वाराणसी में लैंडिंग कराई गई.

शनिवार को झांसी सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 40.6°C रिकॉर्ड किया गया. झांसी में रविवार सुबह बादल छाए हैं. नौतपा आज 25 मई से शुरू होकर 2 जून तक चलेगा. इस दौरान भयंकर गर्मी पड़ती है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यूपी में इसका असर कम रहेगा. यहां तापमान 42°C तक जा सकता है. 2024 में झांसी में पारा 49°C तक रिकॉर्ड किया गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *