लखीमपुर में इमाम को लेकर दो पक्षों में मारपीट, फायरिंग, एक पक्ष ने ही पढ़ी बकरीद की नमाज

Spread the love

UP में लखीमपुर के भीरा थाना क्षेत्र के मुड़िया हेम सिंह गांव में मस्जिद के इमाम को लेकर शुक्रवार देर रात एक ही समुदाय के ही दो पक्षों में टकराव हो गया. दोनों पक्षों में ईंट पत्थर चले और हवाई फायरिंग भी की गई. सूचना पर रात को ही पुलिस फोर्स गांव में तैनात हो गया था. शनिवार सुबह पुलिस सुरक्षा में एक नए इमाम से बकरीद की नमाज करवाई गई. गांव के एक पक्ष ने नमाज नहीं पढ़ी है. बाकी लोगों ने नमाज अदा कर ली.

मुड़िया हेम सिंह गांव की मस्जिद में मो. कयूम आठ साल से इमाम थे. वह गांव में ही घर बनाकर रह रहे थे. बताया जाता है कि मई महीने में इमाम का गांव के एक युवक से विवाद हो गया. इसके बाद इमाम ने अपनी इमामियत छोड़ने का ऐलान कर दिया. गांव के कुछ लोग नए इमाम की तैनाती की मांग कर रहे थे जबकि एक पक्ष कयूम को ही इमाम बनाए रखने पर अड़ा था. इस बीच शनिवार को होने वाली बकरीद की नमाज को लेकर शुक्रवार रात गांव में बैठक बुलाई गई. इसमें भी इमाम का मुद्दा उठ गया. गांव का एक पक्ष कह रहा था कि इमाम से विवाद करने वाला युवक सबके सामने माफी मांगे। इसके बाद इमाम कल नमाज कराएंगे.

दूसरा पक्ष इमाम को हटाकर नए की तैनाती के हक में था. बैठक में ही विवाद शुरू हो गया और मारपीट हो गई. इसके बाद दोनों पक्ष बैठक से निकलकर आपस में भिड़ गए. पथराव किया और हवाई फायरिंग भी हुई. रात को ही भीरा थाने की फोर्स गांव में तैनात थी. शनिवार सुबह प्रशासन ने दोनों पक्षों को समझाकर नमाज शुरू कराई. गांव के ही एक व्यक्ति ने नमाज पढ़वाई. लेकिन एक पक्ष नमाज पढ़ने नहीं आया. एसडीएम गोला विनोद गुप्ता ने बताया कि इमाम को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था. फायरिंग की बात की पुष्टि नहीं हुई है. प्रकरण पंचायत चुनाव की प्रतिद्वंदिता से जुड़ा है. गांव की मस्जिद में नमाज हो गई है। फोर्स तैनात है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *