यूपी में भीषण गर्मी के बीच एक बार फिर मौसम बदल गया. गोरखपुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, फर्रुखाबाद, अमरोहा, बस्ती, बलिया और बिजनौर समेत 12 शहरों में जोरदार बारिश हुई.
लखीमपुर में इतनी तेज बारिश हुई कि सड़कों पर पानी भर गया. फर्रुखाबाद में तेज हवा के साथ बारिश हुई. पीलीभीत में 4 घंटे तक लगातार पानी बरसा. मंडी में रखी सब्जियां बह गईं. मुरादाबाद में भी हल्की बारिश हुई है.

लखीमपुर खीरी में शुक्रवार सुबह 5 बजे से जोरदार बारिश शुरू हो गई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया.
सुबह पश्चिम यूपी से बारिश का दौर शुरू हुआ. उस वक्त पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों में तेज धूप और उमस थी. शाम को पूर्वांचल के जिलों में भी बारिश शुरू हो गई.
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 35 जिलों में बारिश और आंधी की संभावना जताई थी, जबकि 25 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया था. यानी, यूपी में दिनभर में मौसम के दोनों रंग नजर आए.

पीलीभीत में भी जमकर बारिश हुई.
इससे पहले, गुरुवार को 30 जिलों का पारा 40°C के पार चला गया. झांसी सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 44.7 डिग्री दर्ज किया गया. हीटवेव से 48 घंटों में 8 लोगों की मौत हो चुकी है. प्रतापगढ़ में चकबंदी कानूनगो कड़ी धूप में कमरे का ताला खोलते समय छत पर गश खाकर गिर पड़े. कई घंटे तक धूप में ही पड़े रहे, जिससे उनकी मौत हो गई. लखनऊ में स्मारक समिति के दो कर्मचारियों की मौत हो गई. माना जा रहा है कि दोनों की मौत गर्मी के कारण हुई.

कन्नौज में एक युवक ने ट्रैक्टर की ट्रॉली को स्विमिंग पूल में बदल दिया. मोहल्ले के बच्चों ने उसमें जमकर मस्ती की.
हरदोई में गर्मी के चलते ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई. थोड़ी देर में ट्रांसफॉर्मर जलकर राख हो गया.
यूपी में मानसून कब आएगा? काशी में BHU के मौसम वैज्ञानिक ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया- दक्षिण भारत में एक मजबूत साइक्लोनिक सिस्टम बन रहा है, जिसका असर उत्तर भारत में भी देखने को मिलेगा. इसके चलते 20 जून से 26 जून के बीच अच्छी बारिश की संभावना है. मानसून बिहार के प्रवेश द्वार पर सिक्किम और पश्चिम बंगाल की सीमा तक पहुंच चुका है. IMD के मुताबिक, इसके आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. इसलिए एक-दो दिनों में यह बिहार में भी दस्तक दे सकता है.
बिहार में मानसून के प्रवेश करने का निर्धारित समय 10 से 12 जून है. 15 जून तक यह आगे बढ़ते हुए अमूमन पटना और रांची तक पहुंचकर करीब आधा बिहार और झारखंड कवर कर लेता है. करीब 20 जून के आसपास मानसून यूपी की पूर्वी सीमा और उत्तराखंड में प्रवेश कर जाता है. पूरे यूपी में मानसून 20 से 26 जून के बीच सक्रिय हो जाएगा.















Leave a Reply