प्रयागराज में बिजली गिरने से पति-पत्नी व 2 बेटियां जिंदा जलीं: घर में सो रहे थे, शव कंकाल बन गए

Spread the love

प्रयागराज में बिजली गिरने से पति-पत्नी और उनकी दो बेटियों की जिंदा जलकर मौत हो गई. बच्चियों की उम्र 5 और 3 साल थी. घटना उस वक्त हुई, जब पूरा परिवार घर में सो रहा था. शव इस कदर जल चुके थे कि सिर्फ कंकाल बचे.

15 लोगों की गयी जान: पूरे प्रदेश की बात करें तो पिछले 24 घंटे में बिजली गिरने से 15 लोगों की जान जा चुकी है. ललितपुर-प्रयागराज में 4-4, औरैया में 3, हमीरपुर में 2, जालौन और महोबा में 1-1 लोगों की जान गई है. इसके अलावा, हीटस्ट्रोक से 24 घंटे में 7 लोगों की मौत हुई है. वाराणसी में 4, सोनभद्र, गाजीपुर और मिर्जापुर में 1-1 लोगों की जान गई.

47 जिलों में अलर्ट जारी: इधर, सहारनपुर, गोंडा, इटावा, बुलंदशहर और बिजनौर में सुबह से बारिश हो रही है. लखनऊ में तड़के सुबह 3 बजे हल्की बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 47 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 30 से 40 किमी की स्पीड से हवाएं चलेंगी. वहीं, 18 जिलों में हीटवेव चलने की संभावना जताई है.

प्रयागराज में बिजली गिरने से 4 की मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई, जब पूरा परिवार घर में सो रहा था.

20-26 जून में अच्छी बारिश की संभावना: काशी में BHU के मौसम वैज्ञानिक ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया- दक्षिण भारत में एक मजबूत साइक्लोनिक सिस्टम बन रहा है. इसका असर उत्तर भारत में भी देखने को मिलेगा, जिसके चलते 20 जून से 26 जून के बीच अच्छी बारिश होने की संभावना है. मानसून बिहार के प्रवेश द्वार पर सिक्किम और पश्चिम बंगाल की सीमा तक पहुंच चुका है.

IMD के मुताबिक, इसके आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. इसलिए एक-दो दिनों में यह बिहार में भी दस्तक दे सकता है. बिहार में मानसून के प्रवेश करने का निर्धारित समय 10 से 12 जून है. 15 जून तक यह आगे बढ़ते हुए अमूमन पटना और रांची तक पहुंचकर करीब आधा बिहार और झारखंड कवर कर लेता है. करीब 20 जून के आसपास मानसून यूपी की पूर्वी सीमा और उत्तराखंड में प्रवेश कर जाता है. पूरे यूपी में मानसून 20 से 26 जून के बीच सक्रिय हो जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *