लखनऊ के गौतमपल्ली इलाके में सचिवालय पास लगी स्कॉर्पियो सवार युवक ने गुरुवार देर रात करीब आधे घंटे तक स्टंट किया. युवक स्टेयरिंग छोड़कर 1090 चौराहे से मुख्यमंत्री आवास तक स्कॉर्पियो दौड़ता रहा. इससे सड़क पर गुजर रहे अन्य लोग डर गए. कुछ लोग डरकर अपने वाहन की स्पीड कम कर ली.
कुछ लोग स्पीड बढ़ाकर उससे आगे निकल गए. इसका एक बाइक सवार ने वीडियो बना लिया. उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक को पकड़ लिया. स्कॉर्पियो सीज कर दी. उसकी पहचान 26 वर्षीय भुवनेश रघुवंशी के रूप में हुई. वह मुखर्जीनगर कल्याणपुर ईस्ट थाना विकासनगर का निवासी है. उसके पिता प्रदीप रघुवंशी विधान परिषद में निजी सचिव हैं. उनकी की स्कॉर्पियो से उसने स्टंट किया था.

स्टेयरिंग छोड़कर स्टंट करते हुए युवक को देखकर अन्य राहगीर डर गए.
आधे घंटे तक स्टंट किया: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि 1090 चौराहे से मुख्यमंत्री आवास जाने वाली रोड पर स्कॉर्पियो UP32 NC 0615 स्कॉर्पियो तेज स्पीड में दौड़ रही है. उसका चालक स्टेयरिंग छोड़कर बाहर निकला है. पायदान पर खड़ा है. गेट खोले है। अन्य वाहनों को ओवरटेक कर रहा है. उसे देखकर अन्य वाहन चालक डर रहे हैं. उससे बचकर इधर-उधर निकल रहे हैं.
वीवीआईपी क्षेत्र में पुलिस को नहीं लगी भनक: लोगों ने सवाल उठाए कि युवक ने राजधानी के वीवीआईपी इलाके में करीब 30 मिनट तक स्टंट किया, तो यहां की पुलिस क्या कर रही थी? क्या 1090 चौराहे से लेकर सीएम आवास तक पुलिस कर्मियों की तैनाती नहीं थी? क्या पुलिस पेट्रोलिंग नहीं कर रही थी?
सीसीटीवी फुटेज से पकड़ा गया: वीवीआईपी इलाके में स्कॉर्पियो से स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. आनन–फानन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए. उसके जरिए आरोपी युवक को हिरासत में लिया. लोगों का कहना है कि यदि वीडियो वायरल न होता तो पुलिस को इसकी जानकारी ही न होती. पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है.















Leave a Reply