बुलंदशहर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाप-बेटे की मौत, घर पैदल जा रहे थे

Spread the love

UP के बुलंदशहर में मंगलवार की सुबह सड़क हादसा हो गया। यहां कोतवाली खुर्जा नगर की जंक्शन रिपोर्टिंग चौकी क्षेत्र के जंक्शन रोड स्थित गांव कलंदरगढ़ी के निकट जेवर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने पिता-पुत्र को टक्कर मार दी. सड़क हादसे में दोनों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया है. पुलिस ने घरवालों को सूचना दी है. बताया जा रहा है कि दोनों अपने घर दिल्ली जाने के लिए निकले थे.

दिल्ली के दयालपुर निवासी महेंद्र कुमार(70 वर्ष) पुत्र पन्ना लाल अपने 27 वर्षीय बेटे मोहित के साथ गांव कलंदरगढ़ी में एक वर्ष से रह रहा था। गांव के बाहर दोनों ठेली लगाकर फल आदि बेचते थे. मंगलवार की सुबह वह अपने घर दिल्ली जा रहे थे. जिसके लिए वह सड़क किनारे पैदल चल रहे थे.

इसी दौरान जेवर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में दोनों की मौत हो गई. कोतवाली खुर्जा नगर प्रभारी राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *