UP के कुशीनगर में मोहर्रम के जुलूस के दौरान हंगामा हो गया. दो पक्षों में जमकर धक्का-मुक्की हुई. पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भीड़ को हटाया. हिंदू पक्ष का आरोप है कि जुलूस में शामिल लोगों ने शिव मंदिर के सामने इस्लामिक झंडा फहराया. भड़काऊ गीत गाए और नारे लगाए गए. इसका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया. वहीं, पुलिस का कहना है कि कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है.

मामला खड्डा थाना क्षेत्र के गुलहरिया का है. इसके अलावा, कुशीनगर के ही रामकोला थाना क्षेत्र के टेकुआटार बाजार में जुलूस के डीजे के गाने को लेकर झगड़ा हो गया. इसमें 8 साल के एखलाक के सिर में चोट आई. उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
अलीगढ़ में रहमानिया मस्जिद के पास ताजिया हाईटेंशन लाइन से टकरा गया. हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो लोग झुलस गए. लखनऊ में 1 लाख से ज्यादा लोग जुलूस में शामिल हुए। इस दौरान स्वामी सारंग ने जंजीरी मातम किया. प्रतापगढ़ में कुंडा विधायक राजा भैया के पिता उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोगों को 40 घंटे के लिए हाउस अरेस्ट किया गया. सहारनपुर में शनिवार रात मोहर्रम की मजलिस के बाद परोसे गए खाने से 200 लोग बीमार हो गए. इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई. मुजफ्फरनगर में मंदिरों को लाल कपड़े से ढक दिया गया. गोंडा में युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाए.
अलीगढ़ में रविवार रात अराजक तत्वों ने जट्टारी कब्रिस्तान के पास बनी मजार में तोड़फोड़ कर दी. सुबह जब मुस्लिम समुदाय के लोग मजार पर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग जुट गए और हंगामा कर दिया. सूचना पर पुलिस पहुंची और जैसे-तैसे लोगों को शांत कराया. प्रदेश में मोहर्रम के जुलूस को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर रही. पूरे प्रदेश में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। पुलिस लगातार गश्त कर रही है.















Leave a Reply