बिहार के बक्सर में दूल्हे के 5 दोस्तों समेत 8 की मौत: कार 100 की स्पीड में बाइक से टकराई, फिर पेड़ से भिड़ी

Spread the love

बारातियों से भरी यूपी के ग़ाज़ीपुर जनपद की कार ने बिहार में 100 की स्पीड से बाइक को टक्कर मार दी। फिर 20 फीट हवा में उछली और पलटी खाते हुए गड्ढे में गिरी और पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में दूल्हे के 5 दोस्तों समेत 8 लोगों की मौत हो गई।

इनमें कार सवार 5 और 3 बाइक सवार शामिल हैं। कार सवार युवक यूपी के गाजीपुर से बारात लेकर बिहार जा रहे थे। बाइक सवारों में भी एक युवक गाजीपुर का ही रहने वाला था। वह छठ मनाने बिहार गया था।

हादसा गुरुवार रात बिहार के बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में हुआ। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। कार सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी 5 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव के 5 युवक कार से बिहार जा रहे थे। उन्हें कैमूर जिले के रामगढ़ स्थित विशुनपुरा गांव में बारात में शामिल होना था।

इसी दौरान NH-319A पर सोनपा गांव के 3 युवक एक बाइक से अपने घर से निकलकर सड़क पर करीब 50 मीटर आगे बढ़े ही थे कि तभी बारातियों की कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।

‘कार की स्पीड ज्यादा थी, ड्राइवर संभाल नहीं पाया’: प्रत्यक्षदर्शी रविरंजन सिंह ने बताया कि कार की स्पीड करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। तेज रफ्तार के कारण चालक बाइक को देखकर भी संभल नहीं सका और जोरदार टक्कर मार दी।

इसके बाद कार अनियंत्रित होकर हवा में उछली, कई बार पलटी और सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे को पार करते हुए पेड़ से जा टकराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *