पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के चलते 7 गाड़ियां टकरायी, 3 की मौत; मऊ में 2 बसों की टक्कर

Spread the love

UP में गुरुवार को सीजन का पहला घना कोहरा पड़ा. आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस समेत 7 गाड़ियां टकरा गईं. ड्राइवर समेत 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई। 14 लोग घायल हैं. बस दिल्ली से गाजीपुर जा रही थी.

मऊ में हाईवे पर कोहरे में 2 बसों की टक्कर हो गई. एक बस बारात लेकर जा रही थी। हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं. बहराइच में ठंड से बचने के लिए परिवार के साथ अलाव ताप रही 3 साल की बच्ची जल गई. उसके हाथ और पेट झुलस गए.

इससे पहले, सुबह गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, जौनपुर, मुजफ्फरनगर और संभल समेत 25 शहरों में घना कोहरा छाया रहा. विजिबिलिटी इतनी कम हो गई कि सड़कों पर 10 मीटर दूर भी देखना मुश्किल हो गया.

प्रदेश में रात का पारा 10°C से नीचे आ गया। मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 9.5°C रिकॉर्ड किया गया. कानपुर और मेरठ में भी पारा 10°C तक पहुंच गया. दिन में झांसी, प्रयागराज और बांदा में पारा 30°C दर्ज किया गया.

आजमगढ़ में 3 की मौत, 14 घायल: आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हो गया. एक स्लीपर बस किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी. बस ड्राइवर समेत 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. बस दिल्ली से गाजीपुर जा रही थी. इसके बाद बस के पीछे आ रहीं कई गाड़ियां भी एक-दूसरे से टकराती चली गईं. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पास यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 7.30 बजे हुआ.

बलिया में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा. सड़क पर 10 मीटर दूर तक भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था.

‘अकवान’ तूफान का असर, 2 दिन बारिश होगी: लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- बंगाल की खाड़ी में बने ‘अकवान’ चक्रवात के असर से प्रदेश में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है. 21 और 22 नवंबर को पूर्वी यूपी में बारिश के आसार हैं। भीषण ठंड के साथ गलन और कोहरा भी बढ़ेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *