लखनऊ से हैदराबाद जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएस 2816 को रविवार सुबह अचानक निरस्त कर दिया गया. इस फ्लाइट में करीब 150 यात्री सवार थे, जो सुबह 8:40 बजे लखनऊ से रवाना होकर 10:55 बजे हैदराबाद पहुंचने वाले थे लेकिन फ्लाइट कैंसल होने पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया.
एयर इंडिया की फ्लो का संकट दूर होता नहीं दिख रहा है. रविवार को अचानक एक और फ्लाइट निरस्त हो गई. यह फ्लाइट लखनऊ से सुबह 8:40 बजे उड़ान भरकर 10:55 बजे हैदराबाद पहुंचती है. एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, विमान में अचानक तकनीकी गड़बड़ी आ गई, जिसके कारण उड़ान को निरस्त करना पड़ा. इस पर यात्रियों ने हंगामा किया, क्योंकि वे यात्रा के लिए तैयार बैठे थे और उन्हें उड़ान के निरस्त होने की जानकारी देर से मिली. वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से यात्रियों को विकल्प दिए गए कि वह पूरा रिफंड वापस ले या भविष्य के लिए टिकट बुक कराएं. साथ ही जो एक दिन बाद यात्रा कर सकते हैं उनके होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई ताकि सोमवार की फ्लाइट से उनको भेजा जा सके.
मौसम खराब होने के कारण लखनऊ उतरे थे तीन विमान इससे पहले 9 जुलाई को खराब मौसम और तकनीकी दिक्कतों का खामियाजा विमान यात्रियों को भुगतना पड़ा. दिल्ली का मौसम खराब होने की वजह से तीन फ्लाइटें लखनऊ डायवर्ट हो गईं थीं. यात्री विमान में बैठे इंतजार करते रहे. वहीं, दुबई की एक फ्लाइट इतनी लेट हुई कि लखनऊ के यात्री वहां एयरपोर्ट की फर्श पर चादर बिछाकर लेट गए.
दिल्ली में बुधवार देर शाम मौसम बिगड़ गया था. तेज हवा की वजह से विमानों को उतरने में दिक्कत आने लगी. वहां हवा में दो चक्कर काटने के बाद विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया. यह फ्लाइट शाम सवा 8 बजे लखनऊ में उतरी. चेन्नई से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट को भी लखनऊ डायवर्ट किया गया जो देर रात 9:14 बजे लखनऊ उतरी.
औरंगाबाद से दिल्ली पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 7ई 5072 को भी एटीसी ने लखनऊ डायवर्ट किया. यह फ्लाइट रात 9:22 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी. मौसम ठीक होने के बाद सबसे पहले एआई 2910 रात 9:50 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हुई. अन्य फ्लाइटों को बाद में रवाना किया गया.















Leave a Reply