देवरिया में पेट्रोलियम डिपो के पास खाली टैंकर में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने दिलाई राहत

Spread the love

यूपी के देवरिया में रविवार की राहत बड़ा हादसा होते-होते बच गया. बैतालपुर में भारत पेट्रोलियम डिपो के सामने प्राइवेट पार्किंग में खड़े एक खाली टैंकर में अचानक शॉर्टसर्किट की वजह से आग लग गई. आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया. यह देख आसपास खड़े चालक अपने टैंकर लेकर भागने लगे. अफरातफरी के बीच डिपो पर अलर्ट कर दिया गया. फायरब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया. इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली.

रविवार को अवकाश होने की वजह से बैतालपुर डिपो बंद था. टैंकर डिपो के आसपास खड़े थे। इसी बीच देर शाम भारत पेट्रोलियम के ठीक सामने सड़क के उत्तर पटरी के किनारे प्राइवेट पार्किंग में खड़े एक टैंकर में आग पकड़ ली. कुछ ही क्षणों में टैंकर आग की लपटों से घिर गया. टैंकर का केबिन व पहिया धू-धू कर जलने लगा। डिपो के कर्मचारियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी. सीएफओ अरुण कुमार ने बताया कि शार्ट सर्किट से एक टैंकर में आग लगी थी. आग पर काबू पा लिया गया है. किसी तरह का अन्य नुकसान नहीं हुआ है.

बड़ा हादसा टला टैंकर में आग की सूचना मिलते ही डिपो पर अफरातफरी मच गई. टैंकर खड़ा कर आराम कर रहे चालक दौड़ पड़े और अपने अपने टैंकर लेकर इधर-उधर सुरक्षित स्थान पर भागने लगे. डिपो पर अवकाश की वजह से कोई टैंकर लोड नहीं हुआ था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *