मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 20 वाहनों को रौंदता चला गया ट्रक; एक की मौत; दर्जनों घायल

Spread the love

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर शनिवार को भीषण हादसा हो गया. यहां एक अनियंत्रित कंटेनर ट्रेलर ट्रक 18 से 20 वाहनों को रौंदता चला गया. हादसे में एक महिला की मौत हो गई है जबकि 19 से 20 लोग घायल हो गए हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. जानकारी के मुताबिक ट्रक ने जिन वाहनों को टक्कर मारी है उनमें कई BMW और मर्सिडीज लग्जरी कारें भी शामिल थीं.

हादसा खोपोली पुलिस स्टेशन के अंतरगत रायगढ़ जिले में हुआ. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ब्रेक फेल होने की वजह से ट्रक अनियंत्रित हो गया था. इसके बाद वह कारों को टक्कर मारता और रौंदता चला गया. अधिकारी ने बताया कि घायलों को नवी मुंबई के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. वहीं इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई.

हादसे के बाद लगा भीषण जाम खोपोली पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है. मेडिकल जांच में पता चला है कि ट्रक चलाने के दौरान उसने शराब नहीं पी रखी थी. हादसे को लेकर एक केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच की जा रही है. इस हादसे के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर दत्ता फूड मॉल के पास लगभग पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया.

बता दें कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे भारत का सबसे व्यस्त रहने वाला एक्सप्रेसवे है. इसपर से रोज लगभग डेढ़ से दो लाख वाहन गुजरते हैं. रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इस हादसे में तीन वाहन पूरी तरह से कुचल गए हैं. वहीं कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं. घायलों के इलाज के लिए इमर्जेसी टीम को लगाया गया है. वहीं लंबे जाम की वजह से पुलिस ने ट्रैफिक को डाइवर्ट किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *