जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से कल यानी बुधवार को 17 RR (राष्ट्रीय राइफल्स) के दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) लापता हो गए थे. दोनों ही अधिकारियों की हत्या कर दी गई है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि दोनों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जो कि गोलियों से छलनी हैं. फिलहाल कोई हथियार नहीं मिले हैं. आपको बता दें कि दोनों जब लापता हुए तो उनके पास हथियार भी थे.
आपको बता दें कि दच्चन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) में पदस्थ 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार बुधवार को अपने शिविर से धारणा-मड़वा स्थित सेना की चौकी की ओर जाते समय लापता हो गए थे. लापता होने की सूचना मिलते ही बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था. जंगली इलाकों और दुर्गम पहाड़ी रास्तों में ड्रोन और खोजी कुत्तों से लैस विशेष दलों को तैनात किया गया था.
शुरुआत में उनके मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन बाद में वे ‘स्विच ऑफ’ हो गए। इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई और बड़े पैमाने पर एक तलाश अभियान शुरू किया. सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों ही पुलिस अधिकारियों के शव बरामद किए गए.
किश्तवाड़ आतंकवाद विरोधी अभियानों का एक प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां सुरक्षा बल इसके दूरदराज और जंगली इलाकों में बचे आतंकियों के सफाए के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं. लगातार चलाए गए आतंकवाद विरोधी अभियानों के परिणामस्वरूप कई सक्रिय आतंकी मारे गए हैं, जिससे जिले में उनकी मौजूदगी काफी कमजोर हुई है.
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2026 में आतंकी घटनाओं में चार आतंकियों और सेना के एक जवान सहित पांच लोगों की मौत हुई है. 2025 में यह आंकड़ा चार था, जिसमें तीन आतंकी और सेना का एक जवान शामिल था। वहीं, 2024 में तीन सुरक्षाकर्मियों और दो नागरिकों ने अपनी जान गंवाई थी.















Leave a Reply