7 करोड़ दो वरना मार देंगे; केजरीवाल और उनकी बेटी को धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फोन

Spread the love

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली है. यह धमकी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दी गई है. इसके साथ ही सात करोड़ रुपये की रंगदारी भी मांगी गई है. दिल्ली के तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह को धमकी भरे फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज मिले, जिसमें केजरीवाल तक यह संदेश पहुंचाने के लिए कहा गया है. इसके बाद उन्होंने 6 नवंबर को मोहाली पुलिस में मामला दर्ज करवाया.

पुलिस आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. आरोपी हरियाण के रोहतक का रहने वाला बताया जा रहा है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है. इस मामले की जांच साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है.

‘7 करोड़ दो, वरना बेटी को मार देंगे’: विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल नंबर पर कॉल आई और व्हाट्सऐप पर भी धमकी भरे संदेश मिले. व्हाट्सऐप पर आरोपी का प्रोफाइल नाम एच दिखाई दे रहा था. कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए कहा, ‘अरविंद केजरीवाल को सात करोड़ रुपये देने के लिए कह दो नहीं तो उन्हें और उनकी बेटी को जान से मार दिया जाएगा.’

आरोपी ने फोन पर धमकी देने के साथ उसी मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप मैसेज भी भेजा. इसमें भी सात करोड़ रुपये की मांग करते हुए हत्या की धमकी दोहराई गई.

केजरीवाल की सुरक्षा बढ़ाने की मांग: विधायक जरनैल सिंह ने आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड, आईपी लॉग और लोकेशन ट्रेस कराने की मांग की. अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की है.

आपको बता दें कि इससे पहले साल 2024 के मई में भी केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली थी. तब मेट्रो ट्रेन के कोच के भीतर कई मैसेज लिखे गए थे और उन्हें जान से मारने की बात कही गई थी. पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व इस तरह की धमकी पंजाब पुलिस की चिंता बढ़ा सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *