MP के छतरपुर में मंगलवार को बेहद दर्दनाक हादसा हुआ. बागेश्वर धाम जा रहे श्रद्धालुओं के ऑटो ने पीछे से ट्रक में टक्कर मार दी. दुर्घटना मैं 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 से ज्यादा गंभीर रूप से जख्मी हैं. मृतकों मे बुजुर्ग और बच्चे शामिल हैं. मारे गए और घायल सभी उत्तर प्रदेश के कानुपर के रहने वाले हैं. बच्ची के मुंडन के लिए सभी बागेश्वर धाम निकले थे.

एनएच 39 पर कदारी के पास यह हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ. सभी श्रद्धालु एक ऑटो में सवार होकर बागेश्वर धाम जा रहे थे. UP95AT2421 नंबर के ऑटो ने ट्रक (PB13BB6479) में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयानक था की 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो की अस्पताल में मौत हो गई. चार लोगों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है.
हादसे का शिकार हुए लोग उत्तर प्रदेश के कानपुर से आए थे। बताया जा रहा है कि एक साल की बेटी का मुंडन कराने के लिए परिवार बागेश्वर धाम जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए. जिस बच्ची का मुंडन था उसकी भी हादसे में मौत हो गई है. उसके पिता की भी जान चली गई जबकि दो बहनें और मां बुरी तरह जख्मी हैं.
माना जा रहा है ऑटो चालक को झपकी आने की वजह से वह सड़क किनारे खड़े ट्रक को देख नहीं पाया. तेज रफ्तार ऑटो ने पीछे से ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयानक था कि ऑटो में बैठे कई लोग बाहर सड़क पर जा गिरे.













Leave a Reply