UP के अंबेडकरनगर में मंगलवार देर रात बदमाश वाहिद अंसारी (35) पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। वाहिद पूर्वी यूपी का एक बड़ा हथियार सप्लायर था। कई सुपारी किलिंग (पैसे लेकर हत्या करने) के मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाहिद शहर में छिपा हुआ है और देर रात भागने की फिराक में है। तुरंत टीम के साथ इलाके की घेराबंदी की गई। चौराहों पर कड़ी चेकिंग शुरू की गई।
अचानक एक संदिग्ध बाइक से आता दिखा। रोकने को कहने पर फायर कर भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लग गई। वह जख्मी होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वाहिद मूल रूप से गाजीपुर का रहने वाला था। बिल्लू इंदौरिया गैंग का सक्रिय सदस्य था। गोरखपुर के कैंट थाने में भी वॉन्टेड था। मुठभेड़ जिला मुख्यालय से करीब 7 किमी दूर अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में शिव बाबा मंदिर के पास हुई।
















Leave a Reply