कानपुर बार एसोसिएशन चुनाव में कांटे की टक्कर के बाद योगेंद्र अवस्थी अध्यक्ष, बिनय मिश्रा बने महामंत्री

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर बार एसोसिएशन के ऐतिहासिक चुनाव में इस बार अध्यक्ष और महामंत्री दोनों पदों पर कांटे की टक्कर रही. अध्यक्ष पद पर जहां योगेंद्र कुमार अवस्थी ने 62 मतों से जीत हासिल की वहीं महामंत्री पद पर बिनय कुमार मिश्रा ने 82 मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को पछाड़ा. जीत की घोषणा होते ही कचहरी और आसपास की सडक़ें ढोल-नगाड़े की थाप से गूंज उठीं. कुछ जगह आतिशबाजी भी हुई. रविवार को उपाध्यक्ष, मंत्री व संयुक्त मंत्री पदों की मतगणना होगी.

अध्यक्ष पद पर योगेंद्र कुमार अवस्थी को 1453 मत मिले. दूसरे स्थान पर रहे दिनेश कुमार शुक्ला को 1391 व तीसरे स्थान पर रहे सर्वेश कुशवाहा को 1114 मत मिले. इसी तरह संदीप कुमार सिंह को 893, रवींद्र शर्मा को 487, सुरेंद्र कुमार कुशवाहा को 174 व रमेश चंद्र वर्मा को 107 मतों पर संतोष करना पड़ा। 39 मत अवैध घोषित हुए.

वहीं महामंत्री पद पर बिनय कुमार मिश्रा को 1801 मत मिले जबकि दूसरे स्थान पर रहे सुशील कुमार सिंह को 1719 व तीसरे स्थान पर रहे रुद्र प्रताप सिंह को 1233 मत मिले. रामजी दुबे को 496, हेमेंद्र कुमार श्रीवास्तव को 146, सत्येंद्र सिंह गौतम को 98, संजीव कुमार यादव को 55, चंद्रशेखर तिवारी को 33, व संगीता द्विवेदी को 32 मतों से संतोष करना पड़ा. 45 मत अवैध घोषित हुए। परिणाम की घोषणा रात लगभग नौ बजे हो सकी.

“मेरे कार्यकाल में कोई भी अधिवक्ता जेल नहीं जाएगा. महामंत्री काल में बार को वाईफाई का तोहफा दिया था, अध्यक्ष के कार्यकाल में पूरी बार सोलर पैनल से वातानुकूलित कराई जाएगी” – योगेंद्र कुमार अवस्थी अध्यक्ष

“अधिवक्ताओं के सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा. बार-बेंच और शासन-प्रशासन से सामंजस्य बनाकर अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा.” – बिनय कुमार मिश्रा, महामंत्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *