देश में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम, तमिलनाडु-बंगाल से 8 अरेस्ट; PAK-बांग्लादेश से कनेक्शन

Spread the love

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आतंकी हमले की साजिश को नाकाम करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों के मुताबिक, ये मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) और बांग्लादेश स्थित चरमपंथी संगठनों से जुड़ा हुआ है. इन आतंकियों को तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में ऑपरेशन चलाकर गिरफ्तार किया गया है.

दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले की कपड़ा फैक्ट्रियों से 6 आरोपियों को हिरासत में लिया गया. इनकी पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लिटन, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्ज्वल के रूप में हुई है. 2 अन्य संदिग्धों को पश्चिम बंगाल से पकड़ा गया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ आरोपी बांग्लादेशी नागरिक हैं और भारत में पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे.

विदेशी आकाओं के हुक्म पर कर रहे थे काम: जांच एजेंसियों का कहना है कि यह समूह विदेशी आकाओं के निर्देश पर भारत में बड़ा आतंकी हमला करने की तैयारी में था. गिरफ्तार आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली लाया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उन ऑनलाइन पोस्टों की जांच के बाद शुरू की गई जिनमें आतंकी गतिविधियों के समर्थन के संकेत मिले थे. स्थानीय पुलिस की मदद से स्पेशल सेल की टीम तिरुप्पुर पहुंची और संदिग्धों को गिरफ्तार किया.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 8 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए हैं. डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच की जा रही है ताकि मॉड्यूल के अन्य सदस्यों, फंडिंग नेटवर्क और विदेशी संपर्कों का पता लगाया जा सके. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि हाल ही में दिल्ली के विभिन्न इलाकों, जिनमें दिल्ली मेट्रो परिसर भी शामिल है, में भड़काऊ पोस्टर लगाए गए थे. इन पोस्टरों में कश्मीर से जुड़े संदर्भ और उकसाने वाली सामग्री थी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं. पोस्टरों के सोर्स की जांच से एक ऐसे नेटवर्क का खुलासा हुआ जो तमिलनाडु से संचालित हो रहा था.

IED से हमला करना चाहते थे आतंकी: गिरफ्तारियां उस समय हुईं जब सुरक्षा एजेंसियों ने राजधानी में हाई अलर्ट जारी किया हुआ था. खुफिया इनपुट में संकेत मिला था कि पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन Lashkar-e-Taiba (LeT) दिल्ली के भीड़भाड़ वाले धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को निशाना बना सकता है. सूत्रों के मुताबिक, चांदनी चौक का एक मंदिर और लाल किला के आसपास का इलाका संभावित लक्ष्य हो सकता था. आशंका जताई गई कि हमलावर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) का इस्तेमाल कर सकते थे.

अधिकारियों ने रविवार के अभियान को बड़ी सफलता बताया है. उनका कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ी साजिश को टाल दिया गया. फिलहाल जांच जारी है और एजेंसियां अन्य संदिग्धों, फंडिंग चैनलों तथा सीमा पार संबंधों की पड़ताल कर रही हैं. सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजधानी और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *