मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बीच एक नया मोड़ देखने को मिला है. शिवाजी पार्क में ही अभिजीत दीपके और कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ लोग प्रदर्शन करते दिखे. अभिजीत दीपके और सीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि, ये लोग ड्रामेबाजी कर रहे हैं. हम प्रदर्शन करने वाले मुंबई के युवा हैं. बता दें कि, मुंबई में खुद को ‘जेन नेक्स्ट मुंबई’ का सदस्य बताने वाले लोगों के एक ग्रुप, कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है.
कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे एक शख्स ने कहा कि, अभिजीत दिपके जैसे लोग संविधान को खत्म करने की बात करते हैं. प्रदर्शनकारी ने कहा कि वे बाबासाहेब आंबेडकर की मूर्ति के नीचे इसलिए जुटे हैं, क्योंकि वे संविधान के सम्मान और उसकी रक्षा में विश्वास रखते हैं. उन्होंने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बताते हुए कॉकरोच जनता पार्टी के व्यवहार पर आपत्ति जताई. वहीं एक और प्रदर्शनकारी ने कहा कि, “हम संविधान की रक्षा करना जानते हैं, संविधान का सम्मान करना जानते हैं. मुंबईकर कॉकरोच जनता पार्टी का व्यवहार नहीं सहेगा.”
CJP प्रदर्शन में RSS विरोधी नारे: CJP के प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति धार्मिक नारा लगाते हुए RSS के खिलाफ नारेबाजी करता नजर आया. इसे लेकर वहां मौजूद बजरंग दल और हिंदू कार्यकर्ताओं ने उसका विरोध किया. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हो गई. इसके बाद पुलिस ने बजरंग दल से जुड़े कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया. वहीं, प्रदर्शन के दौरान मोदी के खिलाफ नारा लगाने वाले एक युवक को एक व्यक्ति थप्पड़ मारता हुआ भी कैमरे में कैद हुआ. यह घटना उस समय हुई, जब हमारी टीम बजरंग दल के एक कार्यकर्ता से बातचीत कर रही थी.
शिवाजी पार्क में प्रदर्शन से स्थानीय नाराज: समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए एक स्थानीय निवासी ने कहा कि हम इस पार्क में टहलने आते हैं, लेकिन हाल ही में यहां कई विरोध प्रदर्शन हुए हैं. आम लोगों को हो रही परेशानी के लिए कौन ज़िम्मेदार है? यह गलत है. अगर विरोध प्रदर्शन किसी सही वजह से हो, तो ठीक है. सरकार ने विरोध प्रदर्शन के लिए आज़ाद मैदान की जगह दी है.
वहीं, एक और स्थानीय निवासी कहते हैं, “हम इसी इलाके में रहते हैं. आज यहाँ भारी पुलिस बल तैनात है और एक मंच भी बनाया गया है. यहाँ की स्थानीय संस्थाओं ने शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन को पत्र लिखकर कहा है कि यहाँ विरोध प्रदर्शन की इजाज़त नहीं दी जानी चाहिए. यहां स्कूल और अस्पताल हैं, जिससे परेशानी होती है. हमारी बस यही मांग है कि ये लोग (CJP) विरोध प्रदर्शन के लिए आज़ाद मैदान जाएं.”
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग: बता दें कि, कॉकरोच जनता पार्टी ने गांधी जयंती के दिन यानी 2 अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के लिए प्रदर्शन कर रही है. पार्क और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है. वहीं प्रदर्शन के दौरान CJP के प्रवक्ता सौरभ दास ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि, पूरे देश के युवा पिछली बार धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के लिए सब बाहर आए थे और इस बार भी, ज्ञानेश कुमार के साथ ऐसा ही होने वाला है. सीजेपी ने ये भी कहा कि, उनका प्रदर्शन बिना ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के खत्म नहीं होने वाला है.
















Leave a Reply