उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव में बीजेपी ने सोमवार को अपने 8 उम्मीदवारों के नामों की लिस्ट जारी कर दी. इस लिस्ट में सारे नए चेहरों के नाम हैं. उत्तर प्रदेश से दोनों केंद्रीय मंत्रियों हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा को रिपीट नहीं किया गया है. इसके साथ ही अब केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की भी अटकलें तेज हो गई हैं. दोनों मंत्रियों की राज्यसभा सदस्यता का कार्यकाल खत्म होने वाला है. ऐसे में राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट में उनका नाम नहीं होने से यह माना जा रहा है कि शायद केंद्रीय कैबिनेट से उनकी छुट्टी हो सकती है.
UP में भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार दोपहर 8 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया. सभी नए उम्मीदवार हैं. इनमें 2 महिलाएं हैं. इनमें 2 ब्राह्मण, 1 ठाकुर, 3 पिछड़े और 2 दलित हैं। पिछड़े वर्ग में एक लोधी, एक कुर्मी और एक पाल समाज से हैं. वहीं, दलित वर्ग में एक खटीक और एक पासी समाज से हैं.
यूपी में राज्यसभा की 31 सीटें हैं. इनमें 10 सीटों पर 16 अक्टूबर को चुनाव होना है. 6 अक्टूबर को नामांकन का आखिरी दिन है.

हरदीप सिंह पुरी वर्तमान में भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्री हैं जबकि बीएल वर्मा राज्य मंत्री हैं. दोनों संसद के उच्च सदन (राज्यसभा) के सदस्य हैं. दोनों का कार्यकाल इसी साल खत्म हो रहा है. हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा दोनों को नवंबर 2000 में राज्यसभा भेजा गया था. यानी नवंबर 2026 में उनका कार्यकाल खत्म हो जाएगा. हरदीप सिंह पुरी को सबसे पहले जनवरी 2018 में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए चुना गया था. यह सीट मनोहर पर्रिकर के इस्तीफे के चलते खाली हुई थी. इस सीट पर बाकी बचे कार्यकाल के लिए उनका चुनाव हुआ था. 26 नवंबर 2020 को उन्हें दोबारा यूपी से ही निर्विरोध चुनकर राज्यसभा में भेजा गया था. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया था. पहले वे राज्यमंत्री बने फिर जून 2024 में जब तीसरी बार मोदी सरकार बनी तो उन्हें पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय का मंत्री बनाया गया.
इसी तरह उत्तर प्रदेश से बीएल वर्मा को भी नवंबर 2020 में राज्यसभा के लिए चुना गया था. उन्हें मोदी सरकार में राज्यमंत्री बनाया गया. जून 2024 में तीसरी बार बनी मोदी सरकार में उन्हें उपभोक्ता मामलों, खाद्य एवं सामाजिक न्याय मंत्रालय में राज्यमंत्री बनाया गया.
क्या मंत्रिमंडल से होगी छुट्टी? सोमवार को उत्तर प्रदेश से भाजपा के 8 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होते ही इस बात की चर्चा तेज हो गई कि क्या हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा को जल्द ही केंद्रीय कैबिनेट से बाहर जाना होगा. इसके साथ ही केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं को भी नए सिरे से बल मिल गया है. मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय कैबिनेट में अभी 12 सीटें खाली हैं. संविधान के अनुसार कैबिनेट में 81 मंत्री हो सकते हैं. पिछले दिनों नीट मुद्दे पर जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद धर्मेन्द्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था. वर्तमान में 69 मंत्री हैं. कहा जा रहा है यूपी विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल होने की उम्मीद है.
भाजपा ने सोमवार को जारी आठ राज्यसभा उम्मीदवारों की लिस्ट में सामाजिक समीकरणों का पूरा ध्यान रखा है. इसमें तीन ओबीसी वर्ग के, दो दलित और एक ठाकुर प्रत्याशी शामिल हैं. बीएल वर्मा की जगह लोध चेहरे के रूप में भाजपा ने प्रदेश के पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह को राज्यसभा प्रत्याशी बनाया है.
















Leave a Reply