सचेंडी में जेसीबी से टकरा कर BCA स्टूडेंट की मौत, PSIT कॉलेज कैंपस में हादसा

Spread the love

कानपुर के सचेंडी स्थित PSIT कॉलेज कैंपस में हो रहे निर्माण कार्य में आई जेसीबी से टकरा कर BCA फाइनल ईयर के छात्र की मौत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र की किडनी, लंग्स, पैनक्रियाज डैमेज हो गया. साथी छात्र आनन–फानन में उसे लेकर रीजेंसी हॉस्पिटल पहुंचे, जहां देर रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिजनों ने बताया कि कॉलेज कैंपस में बिना सुरक्षा उपकरणों के निर्माण कार्य चल रहा था, जिस कारण यह हादसा हुआ.

BCA फाइनल ईयर का छात्र था: रतनलाल नगर निवासी प्रभाकर सिंह खाद कारोबारी है. परिवार में पत्नी प्रियंका, दो बेटे प्रखर सिंह (21) व प्रवीण सिंह है. केशवपुरम निवासी चचेरे भाई अभय सिंह ने बताया कि प्रखर सचेंडी स्थित PSIT कॉलेज में BCA फाइनल ईयर का छात्र था, जबकि प्रवीण लखनऊ की चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से बीटेक कर रहा है. अभय के मुताबिक रोजाना की तरह प्रखर सोमवार को बाइक से कॉलेज गया था.

शाम करीब 5 बजे छुट्‌टी होने के बाद वह कॉलेज के पीछे स्थित गेट से बाहर निकल रहा था. बताया कि कॉलेज कैंपस के पिछले हिस्से में काफी समय से निर्माण कार्य चल रहा है. प्रखर की बाइक के आगे से एक कार तेज स्पीड में गुजरी, जिससे धूल का गुबार उड़ा. जिस कारण प्रखर को कुछ दिखाई नही पड़ा और वह आगे खड़ी जेसीबी में जा टकराया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

रात 2 बजे डॉक्टरों ने मृत घोषित किया: साथी छात्र उसे कल्याणपुर स्थित बीएमसी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां से उसे रेफर कर दिया गया. परिजन उसे सर्वोदय नगर स्थित रीजेंसी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान रात करीब 2 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं मामले में PSIT के ग्रुप डायरेक्टर प्रो. मनमोहन शुक्ला ने कैंपस में इस प्रकार की घटना से इंकार किया है. उन्होंने बताया कि कॉलेज से 200 मीटर दूरी पर छात्र का एक्सीडेंट हुआ था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *