कानपुर के भीतरगांव में देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

Spread the love

कानपुर के भीतरगांव क्षेत्र के अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीती रात एक बुजुर्ग की जान चली गई. शादी समारोह से घर लौटते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्होंने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. जानकारी के अनुसार, खुचकीपुर निवासी रामचंद्र यादव बुधवार रात भीतरगांव स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे.

पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया: रात करीब एक बजे, जब वह साइकिल से वापस घर लौट रहे थे, तभी उमरी गांव के पास सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़े मिले. गश्त कर रही बिरहर पुलिस की नजर जब घायल बुजुर्ग पर पड़ी, तो उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और उन्हें भीतरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. यहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

बेटे ने शिनाख्त की: गुरुवार तड़के पुलिस की सूचना पर अस्पताल पहुंचे बेटे मोहित यादव ने मृतक की पहचान अपने पिता के रूप में की. मृतक के छोटे भाई श्यामलाल ने बताया कि रामचंद्र अपने पड़ोसी के साथ साइकिल से शादी में गए थे. हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंचे. मोर्चरी में शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. बिरहर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *