कानपुर के गंगा बैराज के पास मेघनपुरवा गांव के सामने रविवार सुबह एक नाबालिग द्वारा चलाई जा रही तेज रफ्तार एक्सयूवी ने साइकिल से मजदूरी करने जा रहे दो मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। इसमें उन्नाव निवासी दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की मौत हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे कार सवारों को लोगों ने घेरकर पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। उन्नाव के गंगाघाट स्थित भट्टापुरवा रामदयालखेड़ा निवासी नरेश कुमार (52) और शंकरपुर सरायं निवासी मुन्नीलाल (40) रविवार सुबह अलग-अलग साइकिल से मजदूरी करने जा रहे थे।
एक्सयूवी अनियंत्रित हो गई और दोनों को टक्कर मार दी: गंगा बैराज के पास मेघनपुरवा गांव के सामने हाईवे की ओर जाने वाली सड़क पर तेज रफ्तार एक्सयूवी अनियंत्रित हो गई और दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में नरेश को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद कार सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया।
प्राथमिकी दर्ज कर की जाएगी कार्रवाई: गुस्साई भीड़ ने कार चला रहे युवक और उसके साथी की पिटाई कर दी। इसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। कोहना थानाध्यक्ष मनीष सिंह चौहान ने बताया कि कार चालक नाबालिग बताया जा रहा है। उसके परिजनों को उम्र संबंधी दस्तावेज लेकर थाने बुलाया गया है। दस्तावेजों की जांच के बाद ही उसकी उम्र स्पष्ट होगी। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















Leave a Reply