कानपुर में गौकशी को लेकर गुरुवार दोपहर करीब 11 बजे हिंदूृ संगठनों ने हंगामा किया. चकेरी के सनिगवां स्थित चिश्तीनगर में बुधवार देर रात एक गाय की हत्या और मांस बेचने का मामला सामने आया था. गुरुवार की सुबह गाय मालिक ने एक युवक को पकड़कर पूछताछ की तो उसने घटना में शामिल होने की बात कुबूल कर ली.
इसके बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए. उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
करीब 2 घंटे चले हंगामे को शांत कराने के लिए तीन थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई. डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता और एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है. तीन की तलाश की जा रही है.
चिश्तीनगर के वारिस नगर निवासी पशुपालक दिलदार आलम की गाय बुधवार शाम अचानक गायब हो गई थी। उन्होंने परिवार के लोगों के साथ उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। गुरुवार सुबह पांच बजे भी उन्होंने गाय को खोजा। सुबह करीब 10 बजे दोबारा तलाश के दौरान एक युवक ने उन्हें बताया कि संदिग्ध युवक एक खाली प्लॉट में बैठा है।
दिलदार आलम ने वहां पहुंचकर हसीब नाम के युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि पूछताछ के दौरान उन्होंने उसकी पिटाई की, जिसके बाद हसीब ने गाय का वध कर मांस बेचने की बात स्वीकार की। दिलदार के मुताबिक, हसीब ने चांद आलम और जुनैद आलम के नाम भी बताए। उन्होंने गाय की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई।
स्कूटी से मांस बेचने का भी आरोप: स्थानीय लोगों का आरोप है कि बुधवार देर रात गाय का वध करने के बाद स्कूटी से मांस बेचा गया। घटनास्थल पर खून पड़ा होने की बात भी सामने आई। आरोप की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के दर्जनों कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और हंगामा किया।
संगठन के जिलाध्यक्ष आनंद सिंह और क्षेत्रीय पार्षद भवानी शंकर राय ने आरोप लगाया कि घनी आबादी वाले इलाके में गौकशी की गई। पार्षद ने बताया कि उन्हें बुधवार देर रात गाय काटे जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तीन थानों का फोर्स पहुंचा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस: हंगामे की सूचना पर तीन थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता और एडीसीपी शिवा सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस ने हसीब को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मामले में तीन अन्य आरोपी फरार हैं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
















Leave a Reply