कानपुर में पति के सामने ट्रेन के आगे कूदी, सिर कटकर अलग हुआ, मां बोली- बेटी को धक्का दिया

Spread the love

कानपुर में पति के सामने पत्नी ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। ट्रेन की चपेट में आने से उसका सिर धड़ से अलग हो गया। पत्नी को कूदता देख पति वहां भाग गया। कुछ देर बाद सास को इसकी जानकारी दी।

कल्याणपुर थानाक्षेत्र की घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की है। युवती की पहचान 28 वर्षीय सिमरन के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची युवती की मां ने कहा- उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती है। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।

7 साल पहले की थी लव मैरिज: कल्याणपुर के रहने वाले अमन कुमार IIT में जॉब करते हैं। वह प्रोजेक्ट असिस्टेंट हैं। परिवार में पत्नी सिमरन (28) और 4 साल की बेटी अनुभा है।

सिमरन की मां रमा देवी ने कहा- मेरे तीन बेटियां सिमरन (28), तनीषा और मनीषा हैं। बड़ी बेटी सिमरन ने 11 नवंबर 2019 को IIT में जॉब करने वाले अमन से लव मैरिज की थी। दोनों की चार साल की बेटी अनुभा है।

रमा देवी ने बताया- सिमरन जब नौवीं कक्षा में पढ़ती थी, तभी से उसके और अमन के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों शादी करने की जिद पर अड़ गए थे।

परिवार के लोग इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन दोनों के शादी नहीं होने पर जान देने की धमकी देने के कारण परिजनों को उनकी जिद के आगे झुकना पड़ा। इसके बाद 11 नवंबर 2019 को दोनों की शादी करा दी गई।

बेटी की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं मां और रिश्तेदार.

6 महीने पहले बेटी के साथ मायके आ गई थी सिमरन: रमा देवी ने कहा- शादी के कुछ समय बाद से ही सिमरन का पति और ससुराल के अन्य लोग छोटी-छोटी बातों पर उससे विवाद करने लगे थे। आए दिन उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। ससुराल में लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर सिमरन करीब 6 महीने पहले अपनी चार साल की बेटी के साथ मायके आ गई थी।

वह तभी से मायके में रह रही थी। करीब 15 दिन पहले पति अमन ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कहकर उसे वापस बुला लिया। इसके बाद सिमरन बेटी को लेकर ससुराल चली गई थी।

दामाद ने कॉल किया, बोला-सिमरन ट्रेन के आगे कूद गई: रमा देवी ने बताया- रविवार सुबह करीब 10 बजकर 23 मिनट पर मेरे पास अमन का फोन आया और उसने बताया कि सिमरन ट्रेन के आगे कूद गई है। जानकारी मिलते ही वह परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। वहां बेटी का क्षत-विक्षत शव पड़ा हुआ था।

सूचना पर जीआरपी और बिठूर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

‘नानी, मम्मा कहां हैं… उन्हें बुला दो’: घटना के बाद सिमरन की चार साल की बेटी अनुभा रो रही थी। वह नानी से बार-बार पूछ रही थी- ‘नानी, मम्मा कहां हैं? पापा कहां हैं? आप क्यों रो रही हो? मम्मा को बुला दो न, मुझे मम्मा के पास जाना है।’

मासूम के इन सवालों का किसी के पास कोई जवाब नहीं था। वहां मौजूद परिजनों और लोगों की आंखें भी भर आईं।

डीसीपी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई:डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया- घटना की जांच की जा रही है। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है। परिजनों की ओर से अभी तक तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *