प्रयागराज में दोस्त को बचाने में 4 लड़के डूबे, मरने वालों में 2 सगे भाई; 2 के शव बरामद

Spread the love

राहुल मिश्रा, प्रयागराज।
प्रयागराज में गंगा नदी में नहाते समय 4 बच्चे डूब गए. दोस्तों को डूबता देखकर दूसरे बच्चे उन्हें बचाने के लिए कूदे. इस दौरान एक-एक कर सभी डूबने लगे और गहरे पानी में समा गए. शोर सुनकर आसपास के गोताखोर पहुंचे और बच्चों को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी. पहले 2 बच्चों के शव बाहर निकाले गए.

करीब 3 घंटे चले रेस्क्यू के बाद बाकी 2 बच्चों की डेडबॉडी बरामद की गई. मरने वालों की पहचान कुनाल (13), निहाल (10), ऋषभ (10) और दीपक (17) के रूप में हुई है. घटना की सूचना पर परिवारवालों के साथ पूरे गांव के लोग गंगा किनारे पहुंच गए। घटना शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे मांडा थाना क्षेत्र की है.

वहीं, सीएम योगी ने भी हादसे का संज्ञान लेते हुए अफसरों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए.

मरने वालों में दो सगे भाई: बामपुर गांव के रहने वाले अनिल कुमार के दो बेटे कुनाल और निहाल, राजाराम का बेटा दीपक, कमलेश कुमार का बेटा ऋषभ नहाते समय डूब गए. दोस्तों के साथ नहाने आए 7वीं के छात्र अमन ने बताया- गांव के कुल 9 लड़के नहाने पहुंचे थे. सभी एक साथ नहा रहे थे. इसी बीच कान्हा और निहाल डूबने लगे। दोस्त को डूबता देखकर हम सभी उन्हें बचाने के लिए उनकी तरफ गए. इसके बाद हम लोग डूबते चले गए। मेरे साथ निहाल, कुनाल, छोटे, दीशू, मोहित, दिवांशु, दीपक, कान्हा पहुंचे थे. वहीं, कुनाल और निहाल की मां ने कहा कि मेरे घर के दो चिराग चले गए. मेरा सब कुछ बर्बाद हो गया.

एसडीएम और एसीपी मौके पर पहुंचे: मेजा एसडीएम सुरेंद्र प्रताप यादव, मेजा एसीपी एसपी उपाध्याय, प्रभारी थाना निरीक्षक माधव प्रसाद त्रिपाठी और भारतगंज चौकी प्रभारी सुभाष सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और आर्थिक मदद दिलवाने का आश्वासन दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *