पश्चिम बंगाल के बागडोगरा से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को हवा में धुएं का अलार्म बजने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी है. समाचार एजेंसी PTI ने ये जानकारी दी है. इस विमान में 148 लोग सवार थे.
पायलट ने ‘मे डे’ कॉल जारी किया: फ्लाइट IX1523 (एयरबस A320 विमान से संचालित हो रही थी) को सोमवार शाम लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर डायवर्ट किया गया. विमान के एवियोनिक्स बे (जहां महत्वपूर्ण विमानन इलेक्ट्रॉनिक्स रखे जाते हैं) में धुआं देखा गया था. इसके बाद पायलट ने ‘मे डे’ कॉल जारी किया था.
सभी यात्री सुरक्षित: लखनऊ के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को तुरंत अलर्ट किया गया और विमान ने शाम करीब 5:18 बजे सुरक्षित लैंडिंग की है. लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है. घटना के बाद विमान को ‘एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड’ (AOG) घोषित कर दिया गया है. इसका मतलब है कि तकनीकी खराबी के कारण इसकी तुरंत जांच और मरम्मत जरूरी है, तभी यह दोबारा उड़ान भर सकेगा.
यात्रियों को दिल्ली के लिए वैकल्पिक उड़ानों में भेजा गया. कुछ यात्रियों ने पूरा रिफंड लिया, जबकि अन्य को होटल में ठहराने की व्यवस्था कर अगली फ्लाइट में बुक किया गया. फिलहाल विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर ही खड़ा है और तकनीकी टीमें उसकी जांच में जुटी हुई हैं.
















Leave a Reply